खेल

निर्माता अशोक पंडित का एलान, बनाएंगे एथलीट पिंकी की बायोपिक

Gulabi
6 July 2021 3:40 PM GMT
निर्माता अशोक पंडित का एलान, बनाएंगे एथलीट पिंकी की बायोपिक
x
फ़िल्म निर्माता अशोक पंडित ने एथलीट पिंकी प्रामाणिक की बायोपिक का एलान किया है

फ़िल्म निर्माता अशोक पंडित ने एथलीट पिंकी प्रामाणिक की बायोपिक का एलान किया है। गोल्ड मेडलिस्ट पिंकी पर पुरुष होने और एक महिला एथलीट ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाये थे, जिसके ख़िलाफ़ पिंकी को लम्बी क़ानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी थी। अशोक ने इसका एलान सोशल मीडिया के ज़रिए किया है।

अशोक ने ट्विटर पर इस बारे में जानकारी देते हुए लिखा- अपने अगले प्रोजेक्ट का एलान करते हुए उत्साहित हूं। गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट पिंकी प्रामाणिक की हिला देने वाली कहानी। इसे प्रियंका घटक ने लिखा है। कास्ट और क्रू जल्द ही तय कर दिये जाएंगे। अशोक पंडित प्रोडक्शंस ने पिंकी की बायोपिक के राइट्स ख़रीद लिये हैं। अशोक पंडित के इस ट्वीट पर कई साथी फ़िल्ममेकर्स ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

अशोक ने ट्वीट के साथ पिंकी के बारे में जानकारी भी साझा की है, जिसके मुताबिक पिंकी ने अपने करियर में देसी और विदेशी प्रतिस्पर्द्धाओं में कई गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते थे, मगर एक दिन कुछ ऐसा हुआ कि उसकी ज़िंदगी एक अभिशाप बन गयी। पिंकी पर पुरुष होने और दुष्कर्म करने के आरोप लगे।
पिंकी उस समय 22 साल की थी और उसे 1000 पुरुषों के बीच जेल में रखा गया। पिंकी ने उस सिस्टम से लड़ाई लड़ी, जो उसे अपराधी साबित करने पर तुला था। जिस देश को पिंकी पर गर्व था, उसे देश में वो शर्मसार हो रही थी। मगर, उसने हार नहीं मानी और एक दिन अपनी बेगुनाही साबित की। पिंकी ने 2006 कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर और एशियन गेम्स में स्वर्ण जीता था। पिंकी को 400 और 800 मीटर दौड़ में विशेषज्ञता थी।
बातचीत में पिंकी ने कहा कि मैं फ़िल्म की टीम की शुक्रगुज़ार हूं, जिन्होंने मेरे बारे में सोचा। कुछ समय से मैं फील्ड से दूर थी और अब लोगों से जुड़ने का यह बेहतरीन मौक़ा है। मैं हमेशा चाहती थी कि लोग मेरे संघर्ष को जानें। मुझे पता है कि कई लोग इसके लिए उत्सुक होंगे। मैं चाहूंगी कि इस फ़िल्म के ज़रिए लोगों को कठिनाइयों से लड़ने की हिम्मत मिले।
Next Story