खेल

वनडे ट्राई सीरीज: अटल की शतकीय पारी, राशिद का चला जादू, अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा

jantaserishta.com
20 Oct 2026 9:34 AM IST
वनडे ट्राई सीरीज: अटल की शतकीय पारी, राशिद का चला जादू, अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा
x
अबू धाबी: अफगानिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा। अफगानिस्तान से मिले 295 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन करन बिना खाता खोले फजलहक फारूकी का शिकार बने। इसके बाद ताफदजवा त्सिगा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेंडन टेलर अनलकी रहे और सिर्फ एक रन बनाकर रनआउट हुए। ब्रायन बेनेट 40 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।
कप्तान सिकंदर रजा अच्छी लय में दिखाई दिए, लेकिन वह बढ़िया शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 48 रन बनाकर आउट हुए। रयान बर्ल 63 गेंदों का सामना करने के बाद 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेस्ली माधेवेरे 5 रन ही बना सके। ब्रैड इवांस 14 रन बनाकर मोहम्मद नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान को कैच देकर पवेलियन लौटे। जिम्बाब्वे के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके और पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ढेर हुई। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, फजलहक फारूकी ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए।
इससे पहले, अफगानिस्तान की पूरी टीम 294 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। गुरबाज 25 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने दूसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। जादरान शतक से चूक गए और 96 गेंदों में 90 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, अटल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 110 गेंदों का सामना करते हुए 102 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में अटल ने 8 चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान रहमत शाह सिर्फ 7 रन ही बना सके। वहीं, हशमतुल्लाह शाहिदी ने 30 गेंदों का सामना करते हुए 28 रनों का योगदान दिया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story