
x
अफगानिस्तान ने नूर अहमद की घातक गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया। एक नवंबर को शारजाह में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे की टीम 79 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान ने इस जीत के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया। नूर ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13 रन देकर पांच विकेट लिए।
पहले गेंदबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआत से दबाव बनाया। फजलहक फारूकी और अजमतुल्लाह उमरजई ने शुरुआती दो ओवरों के दौरान लगातार गेंदों पर दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा भी आउट हो गए और जिम्बाब्वे का स्कोर चौथे ओवर में तीन विकेट पर 13 रन हो गया। रायन बर्ल ने 30 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होने के बाद नूर ने मध्य और निचले क्रम को टिकने नहीं दिया।
जिम्बाब्वे की पारी 14.3 ओवर में समाप्त हुई। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने तेज शुरुआत की। जिम्बाब्वे ने तीन विकेट निकालकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन लक्ष्य का बचाव नहीं कर सका। अफगानिस्तान ने 8.1 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इब्राहिम जादरान ने नाबाद 25 और उमरजई ने नाबाद 18 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। अफगानिस्तान ने पहला मैच 37 रन और दूसरा मुकाबला 19 रन से जीता था। अंतिम मैच में भी जीत दर्ज करके टीम ने जिम्बाब्वे को सीरीज में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
Next Story





