खेल

निखत जरीन-लवलीना बोरगोहेन करेंगी विश्व चैंपियनशिप में भारत की अगुवाई

Admin4
28 Feb 2023 11:45 AM GMT
निखत जरीन-लवलीना बोरगोहेन करेंगी विश्व चैंपियनशिप में भारत की अगुवाई
x
नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और मौजूदा विश्व चैंपियन निखत जरीन स्वदेश में होने वाली आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने सोमवार को इसकी घोषणा की। यह चैंपियनशिप 15 से 26 मार्च तक राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी खेल परिसर में आयोजित होगी। लवलीना 75 किग्रा वर्ग के नाम अब तक दो विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक हैं और वह आगामी चैंपियनशिप में सात अन्य ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाजों के साथ स्वर्ण के लिये अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
दूसरी ओर, निकहत जरीन 50 किग्रा वर्ग में अपने खिताब का बचाव करेंगी। वह पिछले साल तुर्की की राजधानी इस्तांबुल में आयोजित चैंपियनशिप में विश्व चैंपियन बनी थीं। बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता नीतू घंघास 48 किग्रा वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। दो बार की यूथ विश्व चैंपियन वरिष्ठ स्तर पर स्वर्ण जीतने की मजबूत दावेदार होंगी। बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में भारत मुक्केबाजी की एक महाशक्ति बन गया है और हम आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिये इस प्रतिभाशाली दल के साथ अपनी स्थिति को और मजबूत करने का इरादा रखते हैं। यह चैंपियन खिलाड़ियों का दल है और मुझे यकीन है कि वे फिर से देश का गौरव बढ़ाएंगे।
दिल्ली में 2018 विश्व चैंपियनशिप में प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ वैश्विक मंच पर दस्तक देने वाली मनीषा मौन अत्यधिक प्रतिस्पर्धी 57 किग्रा फेदरवेट वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। मनीषा ने 2022 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैसमीन लंबोरिया 2022 संस्करण में क्वार्टर फाइनलिस्ट रही थीं और 60 किग्रा वर्ग में अपनी दावेदारी पेश करेंगी। युवा मुक्केबाज प्रीति और सनामाचा चानू क्रमश: 54 किग्रा और 70 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रीति ने 2022 एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, जबकि सनमचा 2021 यूथ विश्व चैंपियन हैं और हाल ही में अपनी श्रेणी में राष्ट्रीय चैंपियन बनी हैं। मौजूदा एशियाई और राष्ट्रीय चैंपियन स्वीटी बूरा 81 किग्रा भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
Next Story