खेल

World Cup, में नई जंग का आगाज, सुपर सीरीज से लेकर एलिमिनेटर तक होंगे मुकाबले

Ratna Netam
15 July 2026 6:43 PM IST
World Cup, में नई जंग का आगाज, सुपर सीरीज से लेकर एलिमिनेटर तक होंगे मुकाबले
x

Sports स्पोर्ट्स : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुरुषों के वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया है। आईसीसी बोर्ड ने एडिनबर्ग में हुई सालाना बैठक में चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमिटी (CEC) की सिफारिशों के बाद नए नियमों को मंजूरी दी है। आईसीसी का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य बड़े टूर्नामेंटों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और मैचों के नतीजों को अधिक प्रभावी बनाना है।

आईसीसी के नए फॉर्मेट के तहत अब ग्रुप स्टेज में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आगे के दौर में ज्यादा फायदा मिलेगा। टीमों की रैंकिंग और ग्रुप में स्थान के आधार पर टूर्नामेंट के अगले चरणों में उनकी राह आसान होगी।

2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में पहले की तरह 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन नॉकआउट चरण से पहले टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदल जाएगा।

नए फॉर्मेट के अनुसार, वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल और फाइनल से पहले तीन चरण होंगे। सबसे पहले 12वीं, 13वीं और 14वीं रैंक वाली टीमें ‘सुपर सीरीज’ चरण में खेलेंगी। इस चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम अगले दौर में जगह बनाएगी।

इसके बाद कुल 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें छह-छह टीमें शामिल होंगी। इस चरण में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें अगले चरण यानी सुपर-7 में प्रवेश करेंगी।

सुपर-7 चरण में सात टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इस चरण में कुल 21 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

सेमीफाइनल में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी। इस बदलाव के बाद पुरुष वनडे वर्ल्ड कप में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे।

इससे पहले वनडे वर्ल्ड कप के मौजूदा फॉर्मेट में 14 टीमों को सात-सात के दो ग्रुप में बांटा जाता था। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर-6 चरण में पहुंचती थीं। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाते थे। उस फॉर्मेट में कुल 54 मैच होते थे।

वहीं, टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में भी बदलाव किए गए हैं। हालांकि आईसीसी ने इसके विस्तृत प्रारूप की जानकारी अभी साझा नहीं की है। पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा।

आईसीसी का मानना है कि नए बदलावों से टूर्नामेंट में रोमांच बढ़ेगा और टीमों को हर मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को आगे के दौर में इसका फायदा मिलेगा, जिससे विश्व कप मुकाबले और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे।

Next Story