खेल
टेस्ट सीरीज गंवाते ही नजमुल शांतो ने छोड़ी बांग्लादेश की कप्तानी
jantaserishta.com
28 Jun 2025 3:00 PM IST

x
कोलंबो: बांग्लादेश को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 78 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इसी के साथ मेहमान टीम सीरीज 0-1 से गंवा बैठी, जिसके बाद नजमुल शांतो ने बांग्लादेश की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया।
शनिवार को मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजमुल शांतो ने कहा, "मैं अब टेस्ट फॉर्मेट में कप्तान के तौर पर काम करना नहीं चाहता। मैंने टीम की बेहतरी के लिए यह फैसला लिया है। मुझे लगता है कि इससे टीम को मदद मिलेगी। मैं पिछले कुछ सालों से ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहा हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि तीन कप्तान (तीन अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट के लिए) समझदारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि बोर्ड इस बारे में क्या सोचेगा। मैं बोर्ड के फैसले का समर्थन करूंगा, लेकिन यह मेरा निजी फैसला है। मुझे लगता है कि टीम के लिए तीन अलग-अलग कप्तानों से निपटना मुश्किल होगा।"
नजमुल शांतो ने जोर देकर कहा कि उनके इस फैसले को भावनात्मक या हाल ही में सीरीज में हार की प्रतिक्रिया के तौर पर न देखा जाए। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि कोई भी यह न सोचे कि यह फैसला भावनात्मक है, या मैं किसी बात से निराश हूं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं। यह टीम की बेहतरी के लिए है।" इसके साथ ही शांतो ने खुलासा किया है कि वह कुछ दिन पहले ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अपने इरादे से अवगत करा चुके थे।
इस महीने की शुरुआत में ही शांतो को वनडे कप्तान के पद से हटा दिया गया था। इनके स्थान पर मेहदी हसन मिराज को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शांतो का बतौर टेस्ट कप्तान कार्यकाल नवंबर 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के साथ शुरू हुआ था। शांतो के नेतृत्व में बांग्लादेश ने 14 टेस्ट मैचों में चार जीते, जबकि नौ में हार का सामना करना पड़ा। इनके अलावा एक मैच ड्रॉ रहा।
मिश्रित परिणामों के बावजूद, नजमुल शांतो का व्यक्तिगत प्रदर्शन कप्तान के रूप में निखरा। कप्तान के रूप में नजमुल शांतो का टेस्ट में औसत 36.24 रहा, जबकि टीम की अगुवाई न करने पर उनका औसत 29.83 रहा था। शांतो के नेतृत्व में बांग्लादेश ने जो चार टेस्ट जीते, उनमें उन्होंने 37.16 की औसत से रन बनाए।
नजमुल शांतो ने 20 जनवरी 2017 को अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 37 टेस्ट मैचों की 70 पारियों में 52.64 की औसत के साथ 2189 रन बनाए, जिसमें सात शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। शांतो 49 वनडे और 50 टी20 मैच भी खेल चुके हैं।
कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट की बात करें, तो बांग्लादेश ने पहली पारी में 247 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका ने पथुम निसंका (158) की शतकीय पारी के दम पर 458 रन जड़ दिए। इसके जवाब में बांग्लादेश दूसरी पारी में महज 133 रन पर सिमट गई। इस मैच में कप्तान नजमुल शांतो ने आठ और 19 रन की पारी खेली।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





