खेल
एमएलसी 2025 : सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने लगाई जीत की 'हैट्रिक'
jantaserishta.com
16 Jun 2025 12:00 PM IST

x
नई दिल्ली: सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) के छठे मैच में जीत दर्ज की। इस टीम ने कैलिफोर्निया में खेले गए मुकाबले में एमआई न्यूयॉर्क को तीन विकेट से मात दी। यह इस सीजन में सैन फ्रांसिस्को की लगातार तीसरी जीत है। टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर मजबूती से खड़ी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी एमआई की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 182 रन बनाए। टीम 10 रन पर अग्नि चोपड़ा (8) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा चुकी थी।
इसके बाद क्विंटन डी कॉक ने मोनांक पटेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। मोनांक ने 20 रन टीम के खाते में जोड़े, जबकि क्विंटन डी कॉक ने 38 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली। क्विंटन डी कॉक इस पारी में अर्धशतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे। उनके अलावा कीरोन पोलार्ड ने 16 गेंदों में 30 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर एमआई को विशाल स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।
विपक्षी टीम की ओर से हसन खान, हारिस रऊफ और कार्मी ले रॉक्स ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जेवियर बार्टलेट ने एक विकेट लिया। टारगेट का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स छह ओवरों के खेल तक 4 विकेट गंवा बैठी थी। अब तक टीम के खाते में सिर्फ 42 रन ही जुड़े थे। इसके बाद हसन खान ने टिम सीफर्ट के साथ मिलकर 64 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी ने टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
हसन खान 12वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। वह 17 गेंदों में 43 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर पवेलियन लौटे, जिसमें 5 छक्के और 2 चौके शामिल थे। अगले ही ओवर में टिम सीफर्ट (33) भी चलते बने। यहां से जेवियर बार्टलेट ने मोर्चा संभालाते हुए 25 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 59 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 5 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। नवीन-उल-हक और एहसान आदिल एमआई न्यूयॉर्क की ओर से दो-दो विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





