खेल

मेंस एचआईएल: कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दागे 2 गोल, सूरमा ने जीसी को 3-1 से हराया

SHIDDHANT
15 Jan 2026 11:15 PM IST
मेंस एचआईएल: कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दागे 2 गोल, सूरमा ने जीसी को 3-1 से हराया
x
Ranchi रांची। मेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2026 में गुरुवार को जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने एचआईएल गवर्निंग काउंसिल (जीसी) को 3-1 से मात दी। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे। उन्होंने मुकाबले के 15वें मिनट में गोल किया, जिसके बाद 38वें मिनट में एक और गोल दागा। वहीं, गुरजंत सिंह ने 27वें मुकाबले गोल किया।
इस बीच केन रसेल ने एचआईएल जीसी के लिए एकमात्र गोल दागा। इसके साथ वह लीग में टॉप स्कोरर टॉम बून के 10 गोल की बराबरी पर आ गए हैं। इस जीत के बाद सूरमा हॉकी क्लब प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है, जबकि हार के बावजूद जीसी टॉप-2 में बनी हुई है। पहले क्वार्टर से ही जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने अपना दबदबा बना दिया था। इस टीम को हूटर बजने से सिर्फ 33 सेकंड पहले पेनाल्टी कॉर्नर मिला। दुनिया के सबसे शानदार ड्रैगफ्लिकर में शुमार हरमनप्रीत सिंह ने इस मौके को भुनाते हुए टीम का खाता खोला।
एचआईएल जीसी ने अगले क्वार्टर में टीम के कप्तान हार्दिक सिंह के कुछ तेज हमलों के साथ वापसी की कोशिश की, लेकिन वे गोल के करीब भी नहीं पहुंच पाए। इस बीच 27वें मिनट में, गुरजंत सिंह बाईं ओर से सर्कल में घुसे और तेजी और सटीकता से ड्रिबल करते हुए गोल पर शॉट लगाया। गोलकीपर जेम्स मजारेलो इसका बचाव नहीं कर सके। टीम यहां 2-0 से आगे थी।
इस बढ़त ने जीसी पर दबाव डाला, जो उनके स्टार गोल-स्कोरर केन रसेल के एक हार्ड टैकल से साफ दिख रहा था, जिसके कारण उन्हें खेल के 30वें मिनट में ग्रीन कार्ड मिला। यहां से एचआईएल जीसी ने तीसरा क्वार्टर सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेला। टीम ने 38वें मिनट में एक पेनाल्टी कॉर्नर दे दिया, जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदलकर सूरमा हॉकी क्लब को 3-0 से आगे कर दिया। इस बीच केन रसेल ने 44वें मिनट में एक गोल किया, लेकिन यह मुकाबले का नतीजा बदलने के लिए नाकाफी था। हालांकि, आखिरी क्वार्टर में कुछ मौके बने, लेकिन सूरमा ने अपनी बढ़त बनाए रखी।
Next Story