
x
वॉलीबॉल में चमकीं मालविका
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी मालविका द्विवेदी ने जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग 2026 के लिए हुआ है। मालविका को राजस्थान क्वींस फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में शामिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव बैजनाथ मिश्र ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश की छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में दो विदेशी खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भी शामिल होंगी।
23 अक्टूबर के ट्रायल में किया शानदार प्रदर्शन
महिला प्रो वॉलीबॉल लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु केरल और लखनऊ में ट्रायल आयोजित किए गए थे। मालविका ने 23 अक्टूबर को लखनऊ स्थित महाराणा प्रताप अकादमी में आयोजित ट्रायल में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी खेल प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान क्वींस ने उन्हें अपनी टीम में जगह दी।
11 नवंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता
वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग का आयोजन 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। मालविका बुधवार को जयपुर में आयोजित राजस्थान क्वींस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए रवाना हो गईं। यहां वह टीम की अन्य खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता की तैयारी करेंगी।
परिवार और खेल संघ में खुशी
मालविका महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उनके पिता धीरेंद्र द्विवेदी गोरखपुर बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। मालविका के चयन पर जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ तिवारी, सचिव बैजनाथ मिश्र सहित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मालविका इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपने जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।
Next Story





