खेल

टीम इंडिया की संपत्ति हैं महेंद्र सिंह धोनी, मेंटर नियुक्त करने पर सौरव गांगुली ने कही ये बात

Nil dhankar
9 Sept 2021 11:58 AM IST
टीम इंडिया की संपत्ति हैं महेंद्र सिंह धोनी, मेंटर नियुक्त करने पर सौरव गांगुली ने कही ये बात
x

फाइल फोटो 

महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट की संपत्ति हैं. उनका कब और कैसे इस्तेमाल करना है ये सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई ने बुधवार को दिखा दिया. बोर्ड ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अगले महीने से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का मेंटर नियुक्त किया है. आईसीसी टूर्नामेंट्स में धोनी की सफलता ने ही उन्हें ये बड़ी जिम्मेदारी दिलाई है. धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी पर कब्जा किया था.

धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने आखिरी बार आईसीसी की ट्रॉफी अपने नाम की थी. 8 साल पहले इंग्लैंड में आयोजित हुई चैम्पियन्स ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया इंग्लैंड को मात देकर चैम्पियन बनी थी. इसके बाद टीम इंडिया के पास आईसीसी इवेंट में इतिहास रचने के कई मौके आए, लेकिन वो चूक गई.

आईसीसी टूर्नामेंट्स में नाकाम रहे हैं कोहली

धोनी को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है तो इसके पीछे एक बड़ी वजह आईसीसी टूर्नामेंट्स में कप्तान विराट कोहली की नाकामी रही है. कोहली टेस्ट क्रिकेट में भारत ही नहीं दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक बनते जा रहे हैं. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 38 टेस्ट मैच जीते हैं और सबसे सफल कप्तानों के मामले में वह चौथे स्थान पर हैं. लेकिन बात जब सीमित ओवरों की कप्तानी की आती है तो यहां पर कोहली मात खा जाते हैं. कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक बार भी आईसीसी के किसी टूर्नामेंट पर कब्जा नहीं किया है. उसके पास जून में आयोजित हुई वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल जीतने का मौका था, लेकिन एक बार फिर बड़े मुकाबले में विराट ब्रिगेड ने निराश किया.

Next Story