खेल

महेंद्र सिंह धोनी ने की 2000 कड़कनाथ चूजों की खरीदी

jantaserishta.com
24 April 2022 6:32 AM GMT
महेंद्र सिंह धोनी ने की 2000 कड़कनाथ चूजों की खरीदी
x

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के लिए खेल रहे हैं. लीग में खेलते हुए भी धोनी अपने बिजनेस पर पूरा ध्यान दे रहे हैं. धोनी ने अपने शहर रांची में खेती के साथ साथ मुर्गी पालन का काम भी जमाया हुआ है.

इसी व्यवसाय को लेकर धोनी की ओर से पिछले साल ही झाबुआ की एक फर्म को 2000 कड़कनाथ मुर्गी के चूजों का ऑर्डर दिया गया था. कोरोना और बर्ड फ्लू के चलते यह ऑर्डर होल्ड पर था, लेकिन अब इन चूजों की डिलेवरी कर दी गई है.
दरअसल, यह ऑर्डर मध्यप्रदेश के झाबुआ के एक आदिवासी किसान विनोद मैडा की सहकारी संस्था आशीष कड़कनाथ सहकारी समिति को धोनी की ओर से पिछले साल मिला था. विनोद ने बताया कि दो दिन बाद कड़कनाथ मुर्गों की डिलेवरी धोनी के रिचा फार्म को कर दी जाएगी. विनोद चूजों को पिकअप गाड़ी में भरकर रांची के लिए रवाना हो गए हैं.
विनोद ने बताया कि वे धोनी के लिए खास गिफ्ट भी लेकर जा रहे हैं. वे धोनी को झाबुआ की संस्कृति के प्रतीक के रूप में तीर कमान भेंट करेंगे. मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के काले कड़कनाथ मुर्गों को छत्तीसगढ़ से कानूनी लड़ाई के बाद 2018 में GI टैग मिला है. यह मुर्गा, इसके अंडे और मांस दूसरी नस्ल से महंगे दाम पर बेचा जाता है.
झाबुआ के कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने एजेंसी को बताया कि धोनी ने एक स्थानीय सहकारी फर्म को 2000 कड़कनाथ मुर्गो का ऑर्डर दिया था जो एक वाहन से रांची भेज दिए गए हैं. उन्होंने कहा, 'यह अच्छा कदम है कि धोनी जैसे सितारे ने कड़कनाथ मुर्गे की नस्ल में रुचि जताई है. कोई भी ऑनलाइन आर्डर कर सकता है जिससे इस नस्ल के मुर्गे पालने वाले आदिवासियों को फायदा होगा.'
झाबुआ के कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख आईएस तोमर ने कहा कि धोनी ने कुछ समय पहले यह ऑर्डर दिया था. लेकिन बर्ड फ्लू फैला होने के कारण भेजा नहीं जा सका. धोनी ने विनोद मैडा को आर्डर दिया जो झाबुआ के रूंडीपाड़ा गांव में कड़कनाथ नस्ल के मुर्गे के पालन से जुड़ी सहकारी संस्था चलाते हैं.
विनोद मैडा कड़कनाथ के चूजे और तीरकमान का चिह्न लेकर रांची जरूर जा रहे हैं, लेकिन उनकी महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात नहीं होगी. इसका कारण है कि धोनी इन दिनों मुंबई में हैं और आईपीएल खेल रहे हैं. ऐसे में विनोद सिर्फ डिलेवरी देकर लौट पाएंगे.



Next Story