खेल
'एक टीम के मालिक ने 'काला जादू' जैसी हरकत की थी', IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी का दावा
jantaserishta.com
20 April 2026 4:39 PM IST

x
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक वायरल चिट्ठी को फर्जी बताया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के दौरान 'काला जादू' किया गया था।
यह विवाद राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए मैच के एक वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें एक फैन को 'नींबू का टोटका' करते हुए दिखाया गया था। यह तब हुआ जब चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शिवम दुबे, सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन का सामना करने की तैयारी कर रहे थे।
इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से कथित शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है। ललित मोदी ने सोमवार को अपने 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "इस बार मामला फर्जी लगता है, लेकिन एक टीम मालिक पहले इस तरह की प्रथा में शामिल रहा है।"
उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि मैंने एक बार किसी टीम के मालिक का वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह विरोधी टीम के साथ ऐसा कर रहे थे। वह विरोधी टीम के ड्रेसिंग रूम में जाकर ठीक यही हरकत कर रहा था। मैंने 2011 के सीजन में ही विरोधी टीम के मालिकों को इस बारे में आगाह कर दिया था, जब यह घटना हुई थी और मुझे पक्के सबूतों के साथ इसकी जानकारी मिली थी। मेरी टीम ने तय किया है कि मैं एक फिल्म या टीवी सीरीज के जरिए यह खुलासा करूंगा कि इस तरह की हरकतें किसने की थीं।"
फिलहाल आईपीएल अधिकारियों या किसी भी फ्रेंचाइजी की ओर से पत्र की सत्यता या कथित घटना को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 18 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 10 रन से जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए। इस पारी में अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने 59-59 रन की पारियां खेलीं। विपक्षी टीम से अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। इस टीम के लिए मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रन की पारी खेली, जबकि आयुष म्हात्रे ने 30 रन का योगदान दिया। सरफराज खान ने 25 रन टीम के खाते में जोड़े। चेन्नई सुपर किंग्स अपने अगले मैच में 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस का सामना करेगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 21 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





