खेल
कोहली ने 100वें टेस्ट में कप्तानी करने के ऑफर को ठुकराया, कही ये बात
Ritisha Jaiswal
17 Jan 2022 9:47 PM IST

x
विराट कोहली अब क्रिकेट के तीनों प्रारूपों की कप्तानी छोड़ चुके हैं।
विराट कोहली अब क्रिकेट के तीनों प्रारूपों की कप्तानी छोड़ चुके हैं। शनिवार को कोहली ने टेस्ट की कप्तानी से भी इस्तीफा देकर पूरी दुनिया को चौंका दिया। इससे पहले टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के हाथों तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार झेलनी पड़ी थी। केपटाउन में खेला गया आखिरी टेस्ट कोहली के करियर का 99वां टेस्ट था।
बीसीसीआई ने कोहली को किया फोन
कोहली के कप्तानी छोड़ने के फैसले से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) चौंक गया था। उन्होंने इसके बाद कोहली से फोन पर बातचीत की थी। बीसीसीआई ने कोहली को उनके 100वें टेस्ट में कप्तानी करने का ऑफर दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। श्रीलंका के खिलाफ 25 फरवरी से खेला जाने वाला टेस्ट विराट कोहली का 100वां टेस्ट होगा।
''एक मैच से कोई फर्क नहीं पड़ता''
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई द्वारा ऑफर मिलने पर कोहली ने कहा- एक मैच से कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा और न मैं ऐसा हूं। कोहली कई बार अपने करियर में ये जता चुके हैं कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड उनके लिए मायने नहीं रखता। वह एक टीम मैन हैं और टीम को सफलता दिलाने में विश्वास रखते हैं। कोहली टेस्ट में भारत के सबसे सफल कप्तान भी हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 68 में से 40 टेस्ट में जीत हासिल की।
अपने पोस्ट में भी टीम के बारे में लिखा
कोहली ने कप्तानी छोड़ते वक्त भी टीम का ही जिक्र किया था। उन्होंने लिखा था- मैंने सात साल तक टीम इंडिया को सही दिशा में ले जाने के लिए कड़ी मेहनत की है। मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया और कुछ भी नहीं छोड़ा। सभी चीजें एक समय पर आकर रुक जाती हैं। मेरे लिए भी अब बतौर टेस्ट कप्तान रुकने का यही सही समय है।
कोहली ने लिखा- इस सफर में मेरे लिए कई अच्छे पल आए और बुरे पल भी देखने को मिले, लेकिन मैंने कभी अपनी कोशिश में कमी नहीं की और टीम पर विश्वास करना नहीं छोड़ा। मैंने हमेशा मैदान पर 120 प्रतिशत देने की कोशिश की है। अगर मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं तो मुझे लगता है कि कप्तानी करना सही नहीं है। मेरा दिल पूरी तरह साफ है और मैं अपनी टीम के साथ बुरा नहीं कर सकता।
Next Story





