खेल

जानिए पुरुष और महिला एकल में कौन हैं जीत के दावेदार

Bharti sahu
17 Jan 2022 8:01 AM GMT
जानिए पुरुष और महिला एकल में कौन हैं जीत के दावेदार
x
साल 2022 का पहला ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपेन शुरू हो चुका है। इस बार यह टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही काफी विवादों में रहा है

साल 2022 का पहला ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपेन शुरू हो चुका है। इस बार यह टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही काफी विवादों में रहा है। दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का वीजा दो बार रद्द किया गया और अंत में उन्हें इस टूर्नामेंट में शामिल होने की इजाजत नहीं मिली है। जोकोविच इस टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके बाहर होने के बाद राफेल नडाल इस बार खिताब जीतने के प्रबल दावेदार बन गए हैं। वहीं महिलाओं में ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी अपने घरेलू मैदान में यह खिताब अपने नाम करना चाहेंगी।

ये पांच पुरुष खिलाड़ी जीत सकते हैं खिताब
1. राफेल नडाल
नडाल ने 2009 में पहली और आखिरी बार यह खिताब जीता था। उन्होंने फाइनल मैच में रोजर फेडरर को हराया था। इसके बाद पिछले आठ सालों में वो चार बार फाइनल में आकर हारे हैं। पिछले कुछ समय में वो चोट से भी परेशान रहे हैं, लेकिन वो इस बार भी टूर्नामेंट जीतने के प्रबल दावेदार हैं। खासकर जोकोविच के बाहर होने के बाद नडाल के जीतने की संभावना बढ़ गई है।
2. डैनिल मेदवेदेव
रूस के टेनिस स्टार डैनिल मेदवेदेव भी इस साल ऑस्ट्रेलिय ओपेन जीत सकते हैं। वो टेनिस रैंकिंग में दूसरे नंबर के खिलाड़ी हैं और उनसे बेहतर रैंकिंग वाले जोकोविच पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। हाल ही में मेदवेदेव ने रूस को डेविस कप का चैंपियन बनाया था। वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखना चाहेंगे।
3. एलेक्सजेंडर ज्वेरेव
टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले एलेक्सजेंडर ज्वेरेव इस बार ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भी कमाल करना चाहेंगे। उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अब तक कोई ग्रैंडस्लैम नहीं जीत पाए हैं। इस टूर्नामेंट में ज्वेरेव यह सूखा भी खत्म करना चाहेंगे। 2021 में ज्वेरेव ने छह एटीपी टाइटल जीते थे और तीसरे नंबर पर रहकर सत्र खत्म किया था। इस बार वो शानदार आगाज करना चाहेंगे।
4. स्टेफानोस सितसिपास
सितिसपास दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी हैं और पिछले साल वो शानदार लय में थे। उन्होंने दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपेन के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि वो खिताब नहीं जीत पाए थे, लेकिन इस बार सितिसपास चैंपियन बनने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। 2021 में उन्होंने 30 से ज्यादा मैच जीते हैं और 2022 के पहले ग्रैंडस्लैम में भी अपनी शानदार लय बरकरार रखना चाहेंगे।
5. एंड्री रुबलेव
रूस के एंड्री रुबलेव भी इस साल खिताब जीतने की दावेदारी पेश करेंगे। 2021 में रुबलेव का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा था और उन्होंने अपने करियर की सबसे बेहतरीन पांचवीं रैंकिंग हासिल की थी। वो अब तक आठ एटीपी खिताब जीत चुके हैं और इस बार ऑस्ट्रेलियन ओपेन भी अपने नाम करना चाहेंगे।
1. एश्ले बार्टी
बार्टी अपने घरेलू मैदान पर अपना बदबदा दिखाना चाहेंगी और ऑस्ट्रेलियन ओपेन अपने नाम करना चाहेंगी। वो महिला खिलाड़ियों की रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं। पिछले साल उन्होंने विम्बल्डन ओपेन भी अपने नाम किया था। वो पिछले 100 हफ्तों से लगातार दुनिया की नंबर एक महिला खिलाड़ी बनी हुई हैं। इसी वजह से उनके ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीतने की संभावना सबसे ज्यादा है।
2. सिमोना हालेप
2021 में चोट से परेशानी रहने वाली सिमोना हालेप 2022 में वापसी कर रही हैं और वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीतकर बेहतरीन शुरुआत करना चाहेंगी। लंबे समय तक कोर्ट से बाहर रहने के कारण वो टॉप-10 से भी बाहर हो चुकी हैं, लेकिन 2014 से लेकर अब तक वो लगातार टॉप 10 में शामिल थीं। ऐसे में उनके खिताब जीतने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
3. गार्बिन मुगुरुजा
2017 में बिम्मबल्डन ओपेन जीतने के बाद मुगुरुजा ने 2021 में बेहतरीन वापसी की और डब्ल्यूटीए फाइनल अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। पिछले दो सालों में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भी शानदार खेल दिखाया है और इस बार खिताब भी जीत सकती हैं।
4. एनेट कोन्टावित
साल 2021 में अगस्त के बाद से कोन्टावित शानदार लय में रही हैं। उन्होंने 33 में से 29 मुकाबले जीते हैं और वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन में भी अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगी। पिछले साल उन्होंने चार खिताब अपने नाम किए थे। वहीं डब्ल्यूटीए फाइनल्स में उन्हें मुगुरुजा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वो भी ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीतने की प्रबल दावेदार हैं।
5. नाओमी ओसाका
पिछले साल यह टूर्नामेंट जीतने वाली नाओमी ओसाका लगातार दूसरी बार साल का पहला ग्रैंड स्लैम अपने नाम करना चाहेंगी। पिछले साल की शुरुआत में ही उन्होंने अपने कैरियर का चौथा ग्रैंड स्लैम जीता था, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। हालांकि 24 साल की ओसाका इस बार भी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार हैं।


Next Story