खेल

नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए मैच की स्थिति को समझना महत्वपूर्ण: ईशान किशन

jantaserishta.com
13 Nov 2026 9:16 AM IST
नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए मैच की स्थिति को समझना महत्वपूर्ण: ईशान किशन
x
माउंट माउंगानुई: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में नंबर 5 पर उनकी भूमिका मैच की स्थिति को समझने और टीम की जरूरत के हिसाब से खेलने पर निर्भर करेगी।
हैमिल्टन में तीसरा वनडे बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद भारत 5 मैचों की इस सीरीज में 2-0 से आगे है। किशन ने मैच से पहले ब्रॉडकास्टर्स के साथ बातचीत में कहा, "वनडे 50 ओवर का खेल होता है। इसमें आपको साझेदारियों की जरूरत होती है। जब आप क्रीज पर हों, तो आपको ज्यादा से ज्यादा समय तक टिके रहना चाहिए। इससे आप अपनी टीम के लिए रन बना पाएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वनडे में आपका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी टीम की मदद करता है। टी20 में आप आते हैं और अपने शॉट्स खेलते हैं, जो काफी आसान होता है। मगर जब आप निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं - जैसे कि मैं यहां नंबर 5 पर बल्लेबाजी करूंगा - तो आपको मैच की स्थिति को समझना होता है कि उस समय क्या जरूरी है। क्या आपको साझेदारी बनाने की आवश्यकता है या स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने की? इसी कारण यह सब स्थिति को समझने और उसी के अनुसार खेलने के बारे में है।"
किशन ने 32 वनडे मैचों में 107.05 के स्ट्राइक रेट से 1107 रन बनाए हैं, जिसमें दिसंबर 2024 में चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई 217 रनों की पारी भी शामिल है। भारत की प्लेइंग इलेवन में जो 3 बदलाव किए गए हैं, उनमें किशन के अलावा ऋतुराज गायकवाड़ और कुलदीप यादव भी शामिल हैं।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि वह टीम में वापसी करके खुश हैं और पूरी टीम का मनोबल ऊंचा है, लेकिन कोई भी न्यूजीलैंड को कमजोर नहीं समझ रहा है। उन्होंने कहा, “सबसे पहले, टीम में वापस आना हमेशा अच्छा लगता है और यहां हर कोई काफी अच्छे माइंडसेट में दिख रहा है। हर कोई खेल का आनंद लेना चाहता है और सबसे अहम बात यह है कि हम जानते हैं कि न्यूजीलैंड एक बहुत अच्छी टीम है। हमें बस एक अच्छे गेम प्लान के साथ मैदान पर उतरना है और अपनी सभी योजनाओं को सही ढंग से लागू करना है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण हर मौका और भी अधिक तनावपूर्ण हो जाता है, तो किशन ने कहा कि वह अपने अनुभव पर भरोसा करते हैं और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करते हैं ईशान ने कहा, “नहीं, मैं पहले भी ऐसी स्थितियों में रह चुका हूं। जब आप टीम में आते हैं, तो आप बस अपने खेल के बारे में सोचते हैं और उस समय जो सबसे जरूरी है, उसी पर ध्यान देते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आप बस अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं और यहां हम सभी के लिए यही सबसे महत्वपूर्ण बात है, क्योंकि दिन के अंत में आप खेल का आनंद भी लेना चाहते हैं। दबाव तो रहेगा ही, लेकिन एक पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर मुझे लगता है कि आपको दबाव वाले उन पलों का भी आनंद लेना चाहिए।”

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story