
x
बदला लेने के लिए
आयरलैंड के खिलाफ आज दूसरे और आखिरी टी20 मैच में भारत को उमरान मलिक जैसे अपने युवा खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और मौसम के साफ रहने की उम्मीद होगी। बारिश के कारण पहला मैच 12-12 ओवर का ही कर दिया गया था जिसे भारत ने आसानी से सात विकेट से जीता। आज भी मौसम खराब रहने का अनुमान है जिसका असर इस मैच पर भी पड़ सकता है। चोट के कारण रुतुराज गायकवाड़ पहले मैच में बल्लेबाजी नहीं कर सके और उनके फिट नहीं होने पर टीम में यही एकमात्र बदलाव हो सकता है। अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में पूरी मजबूत टीम उतारी जानी है लिहाजा यह मैच युवा खिलाड़ियों के पास अपनी क्षमता दिखाने का अवसर है। तेज गेंदबाज उमरान इस मौके को जरूर भुनाना चाहेंगे। उमरान पहले मैच में एक ही ओवर डाल सके जो कि महंगा रहा था।.
पावरप्ले के बाद आएंगे उमरान
कप्तान हार्दिक पंड्या पहले ही कह चुके हैं कि उमरान पुरानी गेंद से बेहतर गेंदबाजी करते हैं, लिहाजा उन्हें पावरप्ले के बाद मौका दिया गया। भुवनेश्वर कुमार गेंद को दोनों तरफ से स्विंग कराने के अपने हुनर के कारण आयरलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने में कामयाब रहे। अवेश खान डेथ ओवरों में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके और वह इसमें सुधार करना चाहेंगे। भारतीय गेंदबाजों को टेक्टर के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा जो टी20 क्रिकेट में बेखौफ बल्लेबाजी के लिए मशहूर हो रहे हैं। एक और शानदार पारी उन्हें आईपीएल का अनुबंध दिला सकती है। आयरलैंड के बल्लेबाजों ने तो निराश नहीं किया लेकिन उसके गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। तेज गेंदबाज लय हासिल करने के लिए जूझते रहे जिससे भारतीय बल्लेबाजों ने मनचाही दिशा में चौके-छक्के लगाए।
रुतुराज पर रिस्क नहीं लिया
भारतीय कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि पहले टी20 मैच में रुतुराज गायकवाड़ के पहले हाफ में चोटिल होने के कारण वह उन्हें पारी की शुरुआत के लिए भेजने का रिस्क नहीं लेना चाहते थे। पारी की शुरुआत ईशान किशन के साथ गायकवाड़ की बजाय दीपक हुड्डा ने की। हार्दिक ने कहा, 'रुतु को चोट लगी थी। हमारे पास विकल्प था कि उसे पारी की शुरुआत के लिए भेजने का जोखिम लें लेकिन मुझे वह ठीक नहीं लगा। खिलाड़ी की सेहत सर्वोपरि है और मुझे लगा कि हम मैच में इंतजाम कर लेंगे।' हुड्डा 29 गेंद में 47 रन बनाकर नॉट आउट रहे।
Next Story





