खेल

आईपीएल 2026: 'वह अपना टेम्पलेट तय नहीं कर पाए हैं', पंत की खराब फॉर्म पर बोले सबा करीम

jantaserishta.com
23 April 2026 5:00 PM IST
आईपीएल 2026: वह अपना टेम्पलेट तय नहीं कर पाए हैं, पंत की खराब फॉर्म पर बोले सबा करीम
x
नई दिल्ली: भारत के पूर्व विकेटकीपर सबा करीम का मानना है कि ऋषभ पंत आईपीएल 2026 में रनों के लिए इसलिए संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि वह अभी तक व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का सही तरीका (टेम्पलेट) तय नहीं कर पाए हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान पंत का बल्ला बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी खामोश रहा। पंत बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। एलएसजी को इस सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। पंत ने आईपीएल 2026 में खेली 7 पारियों में 132.43 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 147 रन बनाए हैं।
सबा करीम ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' के साथ बात करते हुए कहा, "एक आधुनिक टी20 बल्लेबाज को अपना खुद का टेम्पलेट ढूंढना जरूरी होता है। श्रेयस अय्यर और रजत पाटीदार के पास अपना टेम्पलेट मौजूद है। अगर रजत पाटीदार इस तरह की पिच पर बल्लेबाजी करते, तो मुझे यकीन है कि उनके मन में यह बात क्लियर होती कि वह बड़े शॉट खेलेंगे और उन्हें ऐसा करने का भरोसा होता। ऋषभ पंत की समस्या यह है कि उन्हें अभी तक व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए अपना टेम्पलेट नहीं मिला है। यह सिर्फ टी20 की ही बात नहीं, बल्कि वनडे में भी उनका यही हाल है। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में वह जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं, उसे देखकर लगता है कि क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में उनके सोचने के तरीके में ज्यादा पारदर्शिता है।"
आईपीएल 2026 में पंत की खराब फॉर्म चर्चा का विषय बन गई है। इस सीजन 7 मुकाबलों में वह एक बार ही पचास का आंकड़ा पार कर सके हैं। साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि पंत के दिमाग में कई तरह की बातें चल रही हैं, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर पड़ रहा है। वहीं, फाफ डू प्लेसिस के अनुसार, श्रेयस अय्यर और रजत पाटीदार जैसे कप्तानों के शानदार प्रदर्शन से पंत दबाव महसूस कर रहे हैं।
वहीं, भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने जियोस्टार पर बात करते हुए पंत की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पंत की बॉडी लैंग्वेज ठीक नहीं थी और वह खराब शॉट खेलकर आउट हुए। उन्होंने कहा, "अपनी पारी की शुरुआत में उन्होंने जो शॉट लगाए वह सही नहीं लगे। एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर जिनके पास इतने सारे इंटरनेशनल रन और अनुभव हैं, यह कुछ ऐसा है जिससे वह बहुत निराश होंगे। उनकी बॉडी लैंग्वेज ने सब कुछ बता दिया। उन्हें पता था कि उन्होंने गलती की है। अगर वह शुरुआत में अपने अप्रोच में और स्पष्टता लाते हैं, तो वह कहीं ज्यादा बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story