
Sports स्पोर्ट्स: IPL के 43वें मुकाबले में शुक्रवार रात सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए हाई-स्कोरिंग मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, जिसमें कुल 450 से अधिक रन बने।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 225 रन बनाए। टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, जहां ओपनर यशस्वी जायसवाल केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए, वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद ध्रुव जुरेल ने 42 रन और कप्तान रियान पराग ने शानदार 90 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला और बड़ा स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच अहम साझेदारी ने राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मध्यक्रम में रवींद्र जडेजा ने 20 रन, फेरेरा ने 47 रन और शुभम दुबे ने 6 रन का योगदान दिया, जिससे टीम का स्कोर 225 तक पहुंचा।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी. नटराजन ने 1-1 विकेट लिया।
226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद मजबूत रही। ओपनर पथुम निसांका ने 62 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 75 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए अहम साझेदारी कर लक्ष्य की दिशा तय कर दी।
मध्यक्रम में नीतीश राणा ने 33 रन, ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 रन और आशुतोष शर्मा ने नाबाद 25 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 19.1 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर 226 रन बना लिए और 5 गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को घरेलू मैदान पर मिली हार से बड़ा झटका लगा है। दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन दिल्ली के मजबूत रन चेज ने मैच का रुख बदल दिया।





