
Sports स्पोर्ट्स: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सफर निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गया। लगातार तीन हार के बाद टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई और टूर्नामेंट से भी बाहर हो गई। इस बीच टीम के बल्लेबाज सरफराज खान और कप्तान एमएस धोनी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सीएसके के बल्लेबाज सरफराज खान को इस सीजन में सीमित मौके मिले, लेकिन उन्होंने मिले अवसरों का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 23 की औसत और 169.47 के स्ट्राइक-रेट से कुल 161 रन बनाए। हालांकि टीम के खराब प्रदर्शन के चलते उनका योगदान टीम को प्लेऑफ तक नहीं पहुंचा सका।
टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद सरफराज खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सीएसके फैंस के लिए एक भावुक संदेश साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैं पिछले दो महीनों से बहुत खुश हूं। मेरे दिल का खून पीला है... थैंक यू चेन्नई सुपर किंग्स, CSK फैंस का बहुत-बहुत थैंक यू।”
सीएसके के इस सीजन के खत्म होने के बाद टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी के भविष्य को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या यह धोनी का आखिरी सीजन था या वह आगे भी खेल जारी रखेंगे।
इस बीच सीएसके के बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने धोनी की फिटनेस और फॉर्म को लेकर सकारात्मक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भले ही धोनी इस सीजन में चोट की वजह से ज्यादा मैच नहीं खेल पाए, लेकिन वे नेट्स में लगातार बल्लेबाजी कर रहे हैं और अच्छी तरह गेंद को हिट कर रहे हैं।
44 वर्षीय धोनी की फिटनेस और उनकी वापसी को लेकर टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि उनके नेट्स में अभ्यास करने की खबरों ने फैंस के बीच उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं।
सीएसके के इस सीजन के खत्म होने के साथ ही टीम के प्रदर्शन, रणनीति और भविष्य की योजना को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। अब देखना होगा कि फ्रेंचाइजी अगले सीजन में किन बदलावों के साथ वापसी करती है और क्या धोनी एक बार फिर मैदान पर नजर आते हैं या नहीं।





