खेल
आईपीएल 2025 : आरआर ने फिर दिखाया सीएसके पर दबदबा, चेन्नई सुपर किंग्स के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
jantaserishta.com
31 March 2025 9:20 AM IST

x
नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 11वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 6 रनों से हरा दिया। जीत के हीरो रहे नीतीश राणा, जिन्होंने 36 गेंदों पर 81 रनों की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जवाब में सीएसके की पारी 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 176 रनों पर ही सिमट गई।
आंकड़ों के मुताबिक, सीएसके ने आईपीएल 2021 से अब तक ऐसे नौ मैचों में हार का सामना किया है, जहां उन्होंने 175 या उससे अधिक का लक्ष्य सेट किया था। चौंकाने वाली बात यह है कि इन मैचों में सात बार सीएसके ने टॉस जीता था, लेकिन फिर भी वे जीत हासिल नहीं कर पाए। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में सीएसके को एक बार फिर निराशा हाथ लगी और इस बार भी उन्होंने टॉस जीता था।
इस मैच में श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4/35 के आंकड़े दर्ज किए और सीएसके की बल्लेबाजी लाइनअप को परेशान कर दिया। हसरंगा का यह प्रदर्शन आईपीएल इतिहास में सीएसके के खिलाफ स्पिनरों द्वारा किए गए शानदार स्पेल्स की लिस्ट में शामिल हो गया है।
हसरंगा से पहले भी स्पिनर सीएसके के लिए मुसीबत बनते आए हैं। आईपीएल के इतिहास में सीएसके के खिलाफ 4 या उससे अधिक विकेट लेने वाले स्पिनरों की लिस्ट में टॉप प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज पर नजर डालें तो हरभजन सिंह (मुंबई इंडियंस) ने 2011 में मुंबई में 5/18 का शानदार प्रदर्शन किया था। ब्रैड हॉग (कोलकाता नाइट राइडर्स) ने 2015 में कोलकाता में 4/29 के आंकड़े दर्ज किए थे। और अब 2025 में वानिंदु हसरंगा ने 4/35 के साथ सीएसके को परेशान किया।
हसरंगा राजस्थान रॉयल्स के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले सोहेल तनवीर ने 2008 में जयपुर में सीएसके के खिलाफ 6/14 का शानदार प्रदर्शन किया था, जो आईपीएल के उद्घाटन सत्र का हिस्सा था।
सीएसके और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं, और दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी रोचक रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 2008 से 2010 के बीच राजस्थान रॉयल्स ने 4-3 से बढ़त बनाई थी। लेकिन 2011 से 2019 के दौरान सीएसके ने 11-3 से दबदबा कायम किया। हालांकि, 2020 से अब तक राजस्थान रॉयल्स ने 7-2 से बढ़त हासिल की है, जो दिखाता है कि हाल के वर्षों में आरआर सीएसके पर भारी पड़ रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





