खेल

आईपीएल 2025: सीएसके की 'तीसरी सबसे करीबी हार' में आरसीबी को मिली 'ऐतिहासिक जीत'

jantaserishta.com
4 May 2025 8:50 AM IST
आईपीएल 2025: सीएसके की तीसरी सबसे करीबी हार में आरसीबी को मिली ऐतिहासिक जीत
x
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को करीबी मुकाबले में दो रनों से हरा दिया। इसके साथ ही आरसीबी अंक तालिका में टॉप पर पहुंच चुकी है और अंतिम पायदान पर मौजूद सीएसके के आंकड़े और भी खराब होते जा रहे हैं।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 213 रनों का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में सीएसके की टीम इतने ही विकेट खोकर 211 रनों पर सीमित रही। आरसीबी की ओर से 14 गेंदों पर 53 की आतिशी पारी खेलने वाले रोमारियो शेफर्ड को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।
मैच से पहले विराट कोहली ने कहा था कि बेंगलुरु में सीएसके के साथ मुकाबला उनके करियर के सबसे रोमांचक पलों में एक है। इस मैच में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। आरसीबी को आईपीएल के इतिहास में उनकी पांचवीं सबसे करीबी जीत (रनों के मामले में) मिली है। जबकि सीएसके के लिए यह रनों के मामले में तीसरी सबसे करीबी हार है। यह आंकड़े मैच की रोचकता बयां करते हैं।
आरसीबी ने इस सीजन में दोनों ही मैचों में सीएसके को मात दी और इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब आरसीबी ने पांच बार की चैंपियन सीएसके टीम को एक ही सीजन में दो बार हराया। इससे पहला मैच 28 मार्च को हुआ था जब आरसीबी ने सीएसके को 50 रनों से हराया था।
आरसीबी की जीत में विराट कोहली ने एक बार फिर योगदान दिया। उनके बल्ले से निकली एक और अर्धशतकीय पारी ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। कोहली ने शानदार फॉर्म का परिचय देते हुए केवल 33 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके और इतने ही छक्के लगाए गए।
इसके साथ ही कोहली ने सीजन में 500 रन भी पूरे कर लिए। कोहली ने आठ मौकों पर ऐसा किया है जब उन्होंने आईपीएल के एक सीजन में 500 प्लस रन बनाए हैं। डेविड वार्नर ने ऐसा सात बार किया है। केएल राहुल छह बार ऐसा कर चुके हैं। शिखर धवन पांच बार ऐसा कर चुके हैं।
कोहली की इस निरंतरता के चलते आरसीबी 11 मैचों में 8 बार जीत दर्ज कर चुकी है और इस सीजन में 16 अंक हासिल करने वाली एकमात्र टीम है। दूसरी ओर, सीएसके ने 11 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की और 9 मैच हारे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story