खेल
आईपीएल 2025: रात 12 बजे ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं आरसीबी फैंस, मंदिरों में कर रहे हवन
jantaserishta.com
3 Jun 2025 1:37 PM IST

x
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीम एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी।
आरसीबी की जीत के लिए देशभर में जगह-जगह फैंस विशेष पूजा कर रहे हैं, ताकि टीम की जीत में कोई बाधा ना आए। बेलगावी के चेन्नम्मा सर्कल में स्थित गणपति मंदिर में भगवान गणेश की विशेष पूजा की गई। फैंस ने यहां आरसीबी की जीत के नारे लगाए।
वहीं, हुबली के साईं बाबा मंदिर में भी विशेष पूजा कराई गई। 'कर्नाटक आर्मी' ने यहां बल्ले की पूजा की। बेलगाम के शिरडी साईं भव मंदिर में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां फैंस ने मंदिर में विशेष पूजा के साथ अपना माथा टेका।बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कट्टर फैंस मंगलवार को अपनी टीम की जीत की कामना कर रहे हैं। 18 साल में चार बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद किस्मत ने कभी उनका साथ नहीं दिया। इस बार खिताब जीतने के लिए आरसीबी फैंस ने विजयनगर के गणपति मंदिर में एक विशेष हवन का आयोजन किया, जिसमें टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।
आरसीबी के एक फैन ने कहा, "इस बार ऐसे संयोग नजर आ रहे हैं कि आरसीबी विजेता बनने जा रही है। काफी दिनों बाद एक बहुत बड़ी खुशी हमारे कर्नाटक के लोगों को मिली है। आरसीबी के चाहने वाले देश-विदेश में हैं। चाहे लखनऊ हो, असम हो, कोलकाता हो या फिर दिल्ली हो, जहां-जहां मैच हुए हमने हजारों की संख्या में आरसीबी के फैंस को अपनी टीम को चीयर्स करते हुए देखा है। ये सिर्फ एक राज्य की ही क्रिकेट टीम नहीं है, पूरे देश की क्रिकेट टीम है। पूरे देश की जो सबसे चहेती टीम है, वो विराट कोहली की बनाई आरसीबी है।"
एक और फैन ने कहा, "हमने 33 कोटि देवी-देवताओं से प्रार्थना की है कि 2025 का कप आरसीबी के हाथों में हो। रात 12 बजे हम फिर एक बार कप के साथ सेलिब्रेट करेंगे। इस बार संयोग यही लग रहे है कि आरसीबी जीतेगी। हमने इस जीत को मजबूत करने के लिए 33 करोड़ देवी-देवताओं से प्रार्थना की है।"
बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नौ साल बाद फाइनल में जगह बनाई है। टीम को इससे पहले साल 2019, 2011 और 2016 का फाइनल खेलने का मौका मिला, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सकी। हेड टू हेड की बात करें तो आईपीएल इतिहास में आरसीबी और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 36 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ही टीमें 18-18 मैच जीत चुकी हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





