खेल

IPL 2022 MI vs CSK: महेंद्र सिंह धौनी ने पलट दी हारी बाजी, सिर्फ 4 गेंद में खत्म कर दिया मुंबई इंडियंस का खेल

Deepa Sahu
22 April 2022 12:05 AM IST
IPL 2022 MI vs CSK: महेंद्र सिंह धौनी ने पलट दी हारी बाजी, सिर्फ 4 गेंद में खत्म कर दिया मुंबई इंडियंस का खेल
x
इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हुआ।

नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हुआ। 6 लगातार हार के बाद रोहित शर्मा की टीम को हर हाल में जीत की जरुरत थी लेकिन चेन्नई के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने धमाकेदार फार्म दिखाते हुए आखिरी चार गेंद पर मैच को खत्म कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने तिलक वर्मा के अर्धशतक के दम पर 7 विकेट पर 155 रन बनाए थे। चेन्नई ने 7 विकेट गंवाकर आखिरी गेंद पर जीत का लक्ष्य हासिल किया।

इस सीजन के पहले ही मुकाबले में दमदार अर्धशतक जमाने वाले धौनी का क्लासिक फिनिशर का रूप दुनिया ने एक बार फिर से देखा। आखिर इस धुरंधर को क्यों क्रिकेट के सबसे बेहतरीन फिनिशर के तौर पर जाना जाता है बताया। 40 साल के धौनी ने मुंबई के खिलाफ वैसे तो महज 23 रन ही बनाए लेकिन 13 गेंद जो उन्होंने खेले वो टीम के लिए जीत लेकर आए।

धौनी ने आखिरी 4 गेंद पर बदला मैच
आखिरी ओवर में चेन्नई की टीम को मुंबई के खिलाफ 17 रन की जरुरत थी। कप्तान रोहित शर्मा ने गेंद अनुभवी जयदेव उनादकट के हाथ में दी। पहली गेंद पर जोरदार ड्वेन प्रीटोरियस के खिलाफ lbw की जोरदार अपील हुई। फील्ड अंपायर ने इसे नकार दिया तो कप्तान ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर ने उनको आउट करार दिया। अगली गेंद पर ब्रावो ने 1 रन लिया।
यहां से धौनी ने कमान थामी और वो किया जिसके लिए दुनिया उनको जानती है। पहली गेंद पर छक्का जमाया इसके बाद अगली गेंद को चौके के लिए विकेटकीपर के पीछे भेजा। अब 2 गेंद पर 6 रन की जरुरत थी और धौनी ने अगली गेंद पर दो रन भागे। आखिरी गेंद पर चौके की जरुरत थी और महेंद्र सिंह धौनी ने जोरदार शाट लगाते हुए टीम को जीत दिला दी।


Next Story