खेल

IPL 2020 : बीच आईपीएल में बदला मुंबई इंडियंस का कप्तान... रोहित शर्मा हुए चोटिल

Ritisha Jaiswal
24 Oct 2020 9:05 AM GMT
IPL 2020 : बीच आईपीएल में बदला मुंबई इंडियंस का कप्तान... रोहित शर्मा हुए चोटिल
x
संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के बीच में मुंबई इंडियंस को अपना कप्तान बदलने पर मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान और टीम को चार बार आइपीएल चैंपियन बना चुके रोहित शर्मा चोटिल हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के बीच में मुंबई इंडियंस को अपना कप्तान बदलने पर मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान और टीम को चार बार आइपीएल चैंपियन बना चुके रोहित शर्मा चोटिल हैं। पिछले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे। ऐसे में उनकी जगह टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को कप्तान बदलना पड़ा है। कैरेबियाई ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड सीएसके के खिलाफ बतौर कप्तान उतरे।

ऐसा पहली बार नहीं है जब रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में किरोन पोलार्ड ने टीम की कमान संभालने की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले भी वे टीम के कप्तान रह चुके हैं। पिछले साल भी रोहित शर्मा चोटिल होकर एक मैच से बाहर हो गए थे। उस मैच में भी पोलार्ड कप्तानी करने उतरे थे और टीम को जीत मिली थी। बता दें कि किरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। इतने मैच रोहित ने भी मुंबई के लिए नहीं खेले हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किरोन पोलार्ड जब रोहित शर्मा की जगह टॉस के लिए आए तो उन्होंने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि रोहित को क्या परेशानी है, क्योंकि वे पिछले मैच में सुपर ओवर के बाद मैदान पर नहीं दिखे थे। किरोन पोलार्ड ने टॉस के दौरान कहा, "रोहित अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग के साथ संघर्ष कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होंगे और कप्तानी करेंगे।"

IPL 2020 में चार बार की चैंपियन और मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 9 मुकाबले खेल लिए हैं। 9 मैचों में मुंबई ने 6 मैच जीते हैं। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए टीम को अगले पांच मैचों में से कम से कम दो मुकाबले जीतने हैं। आइपीएल के 13वें सीजन की अंकतालिका में टीम तीसरे नंबर पर है।

Next Story