खेल

प्रचंड फॉर्म में भारतीय महिला टीम, अब इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर निगाहें

jantaserishta.com
16 July 2025 10:43 AM IST
प्रचंड फॉर्म में भारतीय महिला टीम, अब इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर निगाहें
x
नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच साउथैम्प्टन में वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। टीम इंडिया ने मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की है। ऐसे में मेहमान टीम के हौसले बुलंद होंगे।
30 सितंबर 2025 से भारत की मेजबानी में आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत होगी। इसके कुछ मुकाबले श्रीलंका में भी खेले जाने हैं। भारत-इंग्लैंड के बीच इस वनडे सीरीज को विश्व कप की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
भारत ने इस साल आठ वनडे मैच खेले हैं, जिसमें सात अपने नाम किए। टीम इंडिया ने जनवरी में आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था, जिसके बाद श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई त्रिकोणीय सीरीज जीती।
अब अगर भारतीय महिला टीम, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी जीत लेती है, तो वर्ल्ड कप से पहले उसका मनोबल बढ़ेगा। युवा सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को एक बार फिर अनुभवी शेफाली वर्मा पर तरजीह देते हुए टीम में शामिल किया गया है। प्रतिका ने त्रिकोणीय सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ महिला वनडे में सबसे तेज 500 रन पूरे किए हैं।
स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिगेज, हरलीन देओल और ऋचा घोष की मौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी दमदार नजर आती है। वहीं स्नेह राणा, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और अरुंधती रेड्डी विपक्षी टीम से मैच छीनने का माद्दा रखती हैं।
नैट साइवर-ब्रंट चोट से उबरकर वापस इंग्लैंड के खेमे में लौटी हैं, उनके पास टीम की कमान है। वहीं, वनडे फॉर्मेट की शीर्ष गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन घुटने की चोट से उबरकर टीम में वापसी कर चुकी हैं। भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच साल 1978 से अब तक कुल 76 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड ने 40 मुकाबले जीते। वहीं, भारत ने 34 मैच अपने नाम किए। दो मुकाबले बेनतीजा रहे।
भारत-इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय समय के अनुसार शाम 5.30 बजे से शुरू होगा। भारत : प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, श्री चरणी, सयाली सतघरे, यास्तिका भाटिया, तेजल हसबनीस, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।
इंग्लैंड : टैमी ब्यूमोंट, एमी जोन्स (विकेटकीपर), एम्मा लैंब, नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, एलिस कैप्सी, एलिस डेविडसन रिचर्ड्स, केट क्रॉस, लिन्से स्मिथ, लॉरेन बेल, लॉरेन फाइलर, चार्ली डीन, मैया बाउचियर, एम अर्लॉट और सोफी एक्लेस्टोन।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story