खेल

भारतीय महिला हॉकी टीम की क्वार्टरफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगी टक्कर

Kunti Dhruw
31 July 2021 2:46 PM GMT
भारतीय महिला हॉकी टीम की क्वार्टरफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगी टक्कर
x
भारतीय महिला हॉकी टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है.

भारतीय महिला हॉकी टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है, जहां उसकी भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से होगी। दरअसल, पूल ए के मैच में ब्रिटेन ने आयरलैंड को 2-0 से हरा दिया। इसके साथ ही भारत क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर गया। बता दें कि वंदना के शानदार खेल की बदौलत ही भारतीय टीम ग्रुप ए का अपना आखिरी मुकाबला जीतने में सफल रही और क्वार्टरफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा। भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से पटखनी दी। इसके साथ ही भारतीय टीम ने टोक्यो ओलंपिक की अपनी दूसरी जीत हासिल की और ग्रुप में चौथे स्थान पर रहीं। इस जीत के बाद भारत की नजर आयरलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के मुकाबले पर थी। भारत को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए आयरलैंड का हारना जरूरी था। हालांकि, हुआ भी ऐसा ही। अब दो अगस्त को भारतीय हॉकी टीम और ऑस्ट्रेलियाई टीम की भिड़ंत होगी।




वंदना ने हैट्रिक लगाकर रचा इतिहास
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उन्होंने तीन गोल दागे और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई। इसी के साथ वंदना ओलंपिक इतिहास में हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। 1984 के बाद किसी भारतीय ने ओलंपिक में हैट्रिक नहीं लगाई थी। बता दें कि इससे पहले आखिरी बार 1984 ओलंपिक में पुरुष हॉकी खिलाड़ी विनीत शर्मा ने गोल की हैट्रिक लगाई थी। मलयेशिया के खिलाफ मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी और भारत ने मुकाबले को 3-1 से जीता था।
Next Story