खेल

भारत बनाम वेस्टइंडीज: टेस्ट में 7 विकेट से जीत, टीम इंडिया ने किया सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप

jantaserishta.com
14 Oct 2025 10:52 AM IST
भारत बनाम वेस्टइंडीज: टेस्ट में 7 विकेट से जीत, टीम इंडिया ने किया सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप
x
भारत को जीत दिलाने में शतकवीर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के साथ मुकाबले में कुल 8 विकेट हासिल करने वाले कुलदीप यादव का अहम योगदान रहा.
नई दिल्ली: भारत ने वेस्टइंडीज को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में 7 विकेट से मात देकर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। भारत को जीत दिलाने में शतकवीर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के साथ मुकाबले में कुल 8 विकेट हासिल करने वाले कुलदीप यादव का अहम योगदान रहा।
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन को 3 सफलताएं हाथ लगीं।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज पहली पारी में महज 248 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए एलिक एथनाज ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 36 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 5 सफलताएं हासिल कीं। रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट निकाले।
इसी के साथ भारत ने पहली पारी के आधार पर 270 रन की विशाल बढ़त हासिल करते हुए मेहमान टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया। दूसरी पारी में खराब शुरुआत के बाद वेस्टइंडीज को जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) ने संभाला। इनके अलावा, जस्टिन इमलाच ने नाबाद 50 रन बनाकर टीम को 390 रन तक पहुंचाया।
इस पारी में भारत की तरफ से कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 सफलताएं हासिल कीं। मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट निकाले। भारत को जीत के लिए 121 रन का आसान टारगेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने महज 9 रन पर यशस्वी जायसवाल (8) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़ते हुए टीम को जीत के करीब ला दिया, लेकिन साई सुदर्शन (39) के आउट होने के बाद शुभमन गिल (13) के रूप में टीम ने जल्द दो अन्य विकेट गिरा दिए।
यहां से केएल राहुल ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। राहुल 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में वेस्टइंडीज के लिए कप्तान रोस्टन चेज ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि जोमेल वारिकन ने 1 विकेट निकाला। भारत ने अहमदाबाद में खेले गए सीरीज के पहले मैच को पारी और 140 रन से अपने नाम किया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story