खेल
भारत बनाम साउथ अफ्रीका: 'रिटायर्ड हर्ट' होकर वापस लौटे कप्तान शुभमन गिल
jantaserishta.com
15 Nov 2025 11:52 AM IST

x
कोलकाता: साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे। एक शॉट के दौरान कप्तान गिल को गर्दन के पास खिंचाव महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा है।
यह घटना भारतीय पारी के 34.5 ओवर की है। वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद कप्तान गिल क्रीज पर आए। सिमोन हार्मर के दूसरे ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर गिल ने कोई रन नहीं लिया। पांचवीं गेंद पर गिल ने बैकवर्ड स्क्वेयर पर स्लॉग स्वीप लगाया। गेंद बाउंड्री पार पहुंची और अंपायर ने चौके का इशारा किया, लेकिन इस बीच गिल परेशानी में नजर आए।
शॉट लगाते ही गिल को गर्दन के पास झटका महसूस हुआ। दर्द उनके चेहरे पर नजर आ रहा था। इस बीच फिजियो मैदान पर आए और कुछ देर चर्चा के बाद गिल को वापस मैदान से बाहर ले गए। गिल को वापस लौटता देखकर फैंस काफी चिंतित नजर आए।
इसके बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे, जो इंग्लैंड दौरे के बाद पहली बार भारतीय टीम में नजर आ रहे हैं। पंत इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे, जिसके चलते उन्हें सीरीज बीच में ही छोड़नी पड़ी थी।
लंबे वक्त बाद जब पंत मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो कोलकाता के फैंस ने तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पंत इससे पहले अक्टूबर में वेस्टइंडीज के विरुद्ध टेस्ट सीरीज भी नहीं खेल सके थे। मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन ये फैसला मेहमान टीम पर भारी पड़ गया। साउथ अफ्रीका पहली पारी में सिर्फ 159 रन ही बना सका।
इस पारी में एडेन मार्करम ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि वियान मुल्डर और टोनी डी जोरजी ने 24-24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। अक्षर पटेल ने एक विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में भारत ने 38 ओवरों के खेल तक 2 विकेट खोकर 105 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 12, जबकि वाशिंगटन सुंदर 29 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल केएल राहुल और पंत क्रीज पर डटे हुए हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





