खेल
भारत ने चौथी दक्षिण एशियाई वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 20 स्वर्ण पदक जीतकर किया शानदार प्रदर्शन
jantaserishta.com
27 Oct 2025 11:49 AM IST

x
रांची: भारत ने चौथी दक्षिण एशियाई वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 स्वर्ण पदक और 58 पदकों के साथ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची में आयोजित हुई।
श्रीलंका ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण पदक और कुल 40 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। नेपाल ने 2 रजत और 4 कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। बांग्लादेश (3 कांस्य), मालदीव (1 कांस्य) और भूटान (कोई पदक नहीं) क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले और अनेक नए मीट रिकॉर्ड बने। पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत के रुचित मोरी ने 50.10 सेकेंड के समय के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। कूड़ा लियानगे अयोमा (श्रीलंका) ने रजत और कर्ण बाग (भारत) ने कांस्य जीता।
महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में श्रीलंका की केएच अराच्चिगे दासुन ने 58.66 सेकेंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाया। अराल लोकू (श्रीलंका) को रजत और ओलिम्बा स्टेफी (भारत) को कांस्य मिला। पुरुष भाला फेंक में श्रीलंका के पथिराजे रुमेस ने 84.29 मीटर की दूरी फेंककर स्वर्ण अपने नाम किया, जबकि रनसिंघे जगत (श्रीलंका) और उत्तम पाटिल (भारत) ने क्रमशः रजत और कांस्य जीता। महिला भाला फेंक में श्रीलंका की हाताराबागे लेका नादेका ने 60.14 मीटर का नया मीट रिकॉर्ड बनाया, जिससे उन्होंने 2008 में बने 51.70 मीटर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा। भारत की करिश्मा सनील ने रजत और दीपिका ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष लंबी कूद में भारत के मोहम्मद साजिद ने 7.68 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उनागोला यस्वेस्मी (श्रीलंका) को रजत और सरुण पायसिंह (भारत) को कांस्य मिला। महिला ऊंची कूद में भारत की रीत राठौर ने 1.76 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता। गामगे रानिंदी (श्रीलंका) ने रजत और सुप्रिया (भारत) ने कांस्य प्राप्त किया।
पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में भारत के अभिषेक ने 30:29.46 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। राजन रोकाया (नेपाल) ने रजत और प्रिंस कुमार (भारत) ने कांस्य जीता। पुरुषों के हैमर थ्रो में भारत के दमनीत सिंह ने 66.99 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। आशीष जाखड़ (भारत) ने रजत और केके दामिथ मद धार (श्रीलंका) ने कांस्य प्राप्त किया।
महिला 800 मीटर दौड़ में भारत की अमनदीप कौर ने 2:04.66 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। कोदिथुवक्कु तक्शी (श्रीलंका) और थोटा संकीर्तन (भारत) ने क्रमशः रजत और कांस्य जीता। पुरुष 800 मीटर दौड़ में श्रीलंका के डी. एम. हर्षा एस. करुणा ने 1:51.96 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। सोम बहादुर कुमाल (नेपाल) ने रजत और मोपाली वेंकटराम रेड्डी (भारत) ने कांस्य जीता। महिला 200 मीटर दौड़ में श्रीलंका की मोहम्मद यामिक फातिमा ने 23.58 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। भारत की साक्षी चव्हाण (23.91 सेकंड) ने रजत और नीरू पाठक (24.06 सेकंड) ने कांस्य जीता।
पुरुष 4 गुणा 400 मीटर रिले में श्रीलंका ने 3:05.12 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। भारत ने 3:05.38 मिनट में रजत और बांग्लादेश ने 3:15 मिनट में कांस्य पदक हासिल किया। महिला 4 गुणा 400 मीटर रिले में भारत की महिला टीम ने 3:34.70 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका (3:35.71) ने रजत और बांग्लादेश (3:55.63) ने कांस्य जीता।
Tagsभारतचौथी दक्षिण एशियाई वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिपदक्षिण एशियाई वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिपIndia4th South Asian Senior Athletics ChampionshipsSouth Asian Senior Athletics Championships
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





