खेल

IND vs ENG: अजिंक्य रहाणे के पास सुनहरा मौका, तोड़ सकते हैं एमएस धोनी का रिकॉर्ड

Nil dhankar
29 Jan 2021 2:42 PM IST
IND vs ENG: अजिंक्य रहाणे के पास सुनहरा मौका, तोड़ सकते हैं एमएस धोनी का रिकॉर्ड
x
India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच फरवरी-मार्च में चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) के पास इस दौरान सबसे अधिक रन के मामले में एमएस धोनी (MS Dhoni) को पीछे छोड़ने का मौका होगा.

जनता से रिश्ता वेब डेस्क। नई दिल्ली. भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जिताकर बेहतरीन कप्तान के तौर उभरे अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) के लिए अगले कुछ दिन भी ऐतिहासिक होने वाले हैं. भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच फरवरी-मार्च में चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. अजिंक्य रहाणे के पास इस सीरीज के दौरान पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) को सबसे अधिक रन के मामले में पीछे छोड़ने का मौका होगा. भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 5 फरवरी से चेन्नई (Chennai Test) में खेला जाना है.

32 साल के अजिंक्य रहाणे ने अब तक 69 टेस्ट मैच खेले हैं. उन्होंने इन मैचों में 42.58 की औसत से 4471 रन बना चुके हैं. इसमें 12 शतक भी शामिल हैं. रहाणे यदि इंग्लैंड के खिलाफ 4 मैचों की सीरीज में 406 रन बना लेते हैं तो वे एमएस धोनी से आगे निकल जाएंगे. धोनी ने 90 टेस्ट मैच में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं. धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 6 शतक लगाए थे.

पॉली उमरीगर को भी छोड़ सकते हैं पीछे

अजिंक्य रहाणे 8 साल के टेस्ट करियर में 12 शतक लगा चुके हैं. अगर वे इंग्लैंड के खिलाफ एक भी शतक लगाते हैं तो सबसे अधिक शतक के मामले में पॉली उमरीगर और मुरली विजय को पीछे छोड़ देंगे. इन दोनों के नाम भी 12-12 टेस्ट शतक हैं. रहाणे यदि भारत-इंग्लैंड सीरीज में 2 शतक लगाते हैं तो वे गुंडप्पा विश्वनाथ (14) की बराबरी भी कर लेंगे।

मेलबर्न में लगाया था शतक

भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज में अजिंक्य रहाणे एकमात्र भारतीय थे, जिन्होंने शतक लगाया था. भारत ने उनके इस शतक की मदद से ही मेलबर्न में दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज में बराबरी की थी. भारत ने ऑस्ट्रेलिया से चार मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी.


Next Story