
x
भारत और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल टेस्ट मैच ब्रिसबेन के गाबा में खेला जा रहा है।
जनता से रिश्ता बेवङेस्क | भारत और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल टेस्ट मैच ब्रिसबेन के गाबा में खेला जा रहा है। आज यानी 18 जनवरी को मुकाबले के चौथे दिन का खेल जारी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खबर लिखे जाने तक अपनी दूसरी पारी में 69 ओवर में 8 विकेट खोकर 254 रन बना लिए हैं। इस वक्त क्रीज पर पैट कमिंस और नाथन लियोन हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास 287 रन की बढ़त हो गयी है।
इस मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में मार्नस लाबुशाने के शतक की बदौलत 369 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में शार्दुल ठाकुर और वॉशिंग्टन सुंदर के अर्धशतकों के दम पर 336 रन बनाए थे। इस तरह मेजबान टीम को 33 रनों की बढ़त मिली थी। वहीं, तीसरे दिन के खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट खोए 6 ओवरों में 21 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी, स्मिथ की फिफ्टी
33 रनों की बढ़त के बाद आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को डेविड वार्नर और मार्कस हैरिस ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 80 रनों से ज्यादा की साझेदारी हुई। हालांकि, मार्कस हैरिस 38 रन के निजी स्कोर पर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर रिषभ पन्त के हाथों कैच आउट हो गए। दूसरी सफलता भारत को वॉशिंग्ट सुंदर ने दिलाई, जिन्होंने डेविड वार्नर को 48 रन के निजी स्कोर पर चलता किया।
भारत को तीसरी और चौथी सफलता मोहम्मद सिराज ने दिलाई। सिराज ने पहले मार्नस लाबुशाने को 25 रन के निजी स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया और दो गेंदों के बाद ओवर की आखिरी गेंद पर मैथ्यू वेड को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। स्टीव स्मिथ ने अपना 31वां अर्धशतक महज 69 गेंदों में पूरा किया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को मजबूती देने का काम किया।
ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट स्टीव स्मिथ के रूप में गिरा, जो 55 रन की पारी खेलकर मोहम्मद सिराज के शिकार बने। उनका कैच रहाणे ने पकड़ा। मेजबान टीम को छठा झटका कैमरोन ग्रीन के रूप में लगा। उनको शार्दुल ठाकुर ने 37 रन के निजी स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। सातवां झटका ऑस्ट्रेलिया को कप्तान टिम पेन के रूप में गिरा जो 27 रन बनाकर शार्दुल का शिकार बने।
Next Story





