खेल
IND A vs NEP: भारत की धमाकेदार जीत, नेपाल की पूरी टीम 26 रन पर सिमटी
Rajeshwari Nishad
20 Nov 2026 9:14 PM IST

x
IND A vs NEP: भारत ए ने नेपाल के खिलाफ मुकाबले में ऐतिहासिक अंदाज में जीत दर्ज करते हुए क्रिकेट प्रशंसकों को चौंका दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 9 विकेट पर 332 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने नेपाल की पूरी पारी महज 26 रनों पर समेट दी। इस तरह भारत ए ने 306 रनों के विशाल अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने नेपाल के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रिंस यादव ने पांच विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा ने चार विकेट चटकाए। नेपाल की टीम केवल 11.3 ओवर ही खेल सकी। आखिरी विकेट शाहबाज अहमद ने हासिल किया। भारत की जीत में कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र के शतकों की भी अहम भूमिका रही।
नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन पर ढेर
333 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाजों ने पहले ओवर से ही बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया।हर्षित राणा ने पारी के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर अर्जुन कुमाल को एलबीडब्ल्यू आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई।अर्जुन तीन गेंदों में खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।इसके बाद दूसरे ओवर में प्रिंस यादव ने दीपक डुमरे और बासिर अहमद को आउट करके नेपाल को दो और झटके दिए।दीपक डुमरे पांच गेंदों में एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि बासिर अहमद दो गेंदों में बिना खाता खोले बोल्ड हो गए।नेपाल ने महज दो ओवरों में एक रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका।
प्रिंस यादव ने झटके पांच विकेट
भारतीय तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने इस मुकाबले में अपने करियर का यादगार प्रदर्शन किया।उन्होंने पांच ओवर की गेंदबाजी में केवल छह रन देकर पांच विकेट हासिल किए। उनके स्पेल में दो मेडन ओवर भी शामिल रहे।प्रिंस ने सबसे पहले दीपक डुमरे को कप्तान तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट कराया।इसके बाद बासिर अहमद को शानदार इनस्विंग गेंद पर बोल्ड किया।आठवें ओवर में प्रिंस ने पवन सर्राफ को धीमी यॉर्कर गेंद पर बोल्ड करके अपना तीसरा विकेट हासिल किया।इसके बाद दसवें ओवर में उन्होंने लगातार दो गेंदों पर प्रतिश जीसी और संदीप लामिछाने को आउट किया।प्रतिश चार रन बनाकर आउट हुए, जबकि संदीप बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।इस तरह प्रिंस ने पांच विकेट पूरे किए और नेपाल की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।
हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर मचाया तहलका
चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा ने भी अपनी गेंदबाजी से शानदार छाप छोड़ी।उन्होंने छह ओवर में 16 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनके स्पेल में एक मेडन ओवर भी शामिल रहा।हर्षित ने अर्जुन कुमाल को एलबीडब्ल्यू आउट करके विकेटों का सिलसिला शुरू किया।इसके बाद तीसरे ओवर में कुशल भुर्तेल को आयुष बदोनी के हाथों कैच कराया।सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने राशिद खान को धीमी गेंद पर बोल्ड किया।
राशिद ने 14 गेंदों में छह रन बनाए थे।
इसके बाद नौवें ओवर की पहली गेंद पर हर्षित ने लोकेश बाम को आउट कर दिया।लोकेश का कैच पहली स्लिप में अभिषेक शर्मा ने पकड़ा।इस तरह हर्षित ने नेपाल के शीर्ष क्रम को ध्वस्त करने में बड़ी भूमिका निभाई।
दसवें ओवर में लगातार दो विकेट, हैट्रिक से चूके प्रिंस
नेपाल की पारी का दसवां ओवर प्रिंस यादव के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर प्रतिश जीसी को बोल्ड किया।प्रतिश ने आगे बढ़कर गेंद को ड्राइव करने का प्रयास किया, लेकिन गेंद अंदर की ओर आई और उनके पिछले पैड से टकराकर मिडिल स्टंप पर जा लगी।इसके बाद अगली ही गेंद पर प्रिंस ने संदीप लामिछाने को भी बोल्ड कर दिया।लगातार दो विकेट लेकर प्रिंस हैट्रिक के करीब पहुंच गए। हालांकि, अगली गेंद पर ललित राजवंशी ने अपना विकेट बचा लिया।पांच विकेट पूरे करने के बाद प्रिंस ने आसमान की ओर देखकर प्रार्थना की। उनके साथी वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें गले लगाकर इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
शाहबाज अहमद ने लिया आखिरी विकेट
नेपाल की पारी का आखिरी विकेट शाहबाज अहमद ने हासिल किया।12वें ओवर में शाहबाज गेंदबाजी करने आए। उनकी शुरुआती दो गेंदों पर नंदन यादव कोई रन नहीं बना सके।ओवर की तीसरी गेंद पर नंदन ने क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया।
लेकिन गेंद टर्न होकर बल्ले को चकमा दे गई।
विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने तेजी से गिल्लियां बिखेर दीं और नंदन यादव स्टंप आउट हो गए।नंदन ने आठ गेंदों में दो रन बनाए। इसी विकेट के साथ नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में सिर्फ 26 रन पर सिमट गई।तिलक-कुशाग्र के शतकों से भारत ने बनाए थे 332 रनइससे पहले भारत ए की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। टीम ने शुरुआती 15 ओवरों के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे।इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने भारतीय पारी को संभाला।दोनों ने चौथे विकेट के लिए 206 रनों की शानदार साझेदारी की।कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।वहीं, तिलक वर्मा ने 113 गेंदों में 107 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए।अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने केवल 14 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर टीम को 332 रन तक पहुंचाया।नेपाल की ओर से ललित राजवंशी और संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट लिए थे।
306 रनों की जीत से भारत ए का दबदबा
भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया। जहां तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतकों से टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया, वहीं प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने नेपाल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
Next Story





