खेल

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के टिकटों की जबरदस्त डिमांड

Ratna Netam
13 Oct 2026 3:44 PM IST
क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के टिकटों की जबरदस्त डिमांड
x
नई दिल्ली। आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने में लगभग एक साल बाकी है, लेकिन टिकटों की मांग ने अभी से नया आंकड़ा छू लिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मुताबिक, टिकट बैलेट शुरू होने के महज 12 दिनों के भीतर 1.50 करोड़ से ज्यादा टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आंकड़ा बताता है कि क्रिकेट के सबसे बड़े वनडे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर के प्रशंसक कितने उत्साहित हैं।आईसीसी की ओर से मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 1,50,83,752 टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, 142 देशों के क्रिकेट प्रशंसकों ने 44,23,417 बैलेट रजिस्ट्रेशन कराए हैं। टिकटों के लिए इस बड़ी संख्या में आवेदन आने से टूर्नामेंट के प्रति वैश्विक दिलचस्पी सामने आई है।
12 दिनों में टिकट आवेदनों का आंकड़ा 1.5 करोड़ के पार
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए टिकट बैलेट की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 को शुरू हुई थी। शुरुआत से ही प्रशंसकों ने बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन कराना शुरू कर दिया था।पिछले सप्ताह तक टिकट आवेदनों की संख्या 10 लाख से अधिक थी, लेकिन दो सप्ताह से भी कम समय में यह आंकड़ा बढ़कर 1.50 करोड़ से ज्यादा पहुंच गया।आईसीसी के अनुसार, टिकटों की मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के प्रशंसकों ने भी टिकट बैलेट में बड़ी संख्या में हिस्सा लिया है।
तीन देशों में होगा क्रिकेट वर्ल्ड कप का आयोजन
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा। यह पुरुष वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का 14वां संस्करण होगा।टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा। इसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।इस बार विश्व कप नए प्रारूप में खेला जाएगा। तीन देशों में होने वाले मुकाबलों को देखने के लिए अलग-अलग देशों के प्रशंसक टिकट बैलेट के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं।
ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने जताई खुशी
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने टिकटों की जबरदस्त मांग पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आना क्रिकेट वर्ल्ड कप की लोकप्रियता और उसके अंतरराष्ट्रीय आकर्षण को दर्शाता है।उन्होंने अफ्रीका को एक प्रमुख खेल आयोजन स्थल के रूप में मिल रहे समर्थन का भी उल्लेख किया। संजोग गुप्ता के अनुसार, आईसीसी और उसके सहयोगियों की प्रचार गतिविधियों ने भी क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने बताया कि विश्व कप शुरू होने से पहले आईसीसी ने विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रचार अभियानों और विशेष कंटेंट के जरिए प्रशंसकों तक पहुंचने की योजना बनाई है।
21 नवंबर तक कर सकते हैं टिकट के लिए रजिस्ट्रेशन
क्रिकेट प्रशंसकों के लिए टिकट बैलेट में रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दक्षिण अफ्रीकी समयानुसार रात 11 बजकर 59 मिनट तक खुली रहेगी।प्रशंसक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा मुकाबलों के लिए आवेदन कर सकते हैं।आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि बैलेट में आवेदन करना पूरी तरह मुफ्त है। रजिस्ट्रेशन के समय किसी तरह के भुगतान की आवश्यकता नहीं है।
कैसे मिलेंगे वर्ल्ड कप के टिकट?
आईसीसी के अनुसार, टिकट बैलेट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नहीं है। निर्धारित समय के भीतर प्राप्त सभी वैध आवेदनों को समान अवसर मिलेगा।यदि किसी मुकाबले के लिए उपलब्ध टिकटों से अधिक आवेदन आते हैं, तो सफल आवेदकों का चयन रैंडम बैलेट प्रक्रिया से किया जाएगा।चयनित प्रशंसकों को ईमेल के माध्यम से टिकट खरीदने की जानकारी दी जाएगी। हालांकि बैलेट में रजिस्ट्रेशन कराने से टिकट मिलने की गारंटी नहीं है।आईसीसी के इस नए आंकड़े ने स्पष्ट कर दिया है कि विश्व कप 2027 को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
Next Story