खेल

भारत के पाकिस्तान दौरे का फैसला गृह मंत्रालय करेगा, अनुराग ठाकुर बोले- खिलाड़ियों की सुरक्षा जरूरी

Rounak Dey
20 Oct 2022 9:08 AM GMT
भारत के पाकिस्तान दौरे का फैसला गृह मंत्रालय करेगा, अनुराग ठाकुर बोले- खिलाड़ियों की सुरक्षा जरूरी
x

अगले साल पाकिस्तान में एशिया कप का आयोजन होना है, लेकिन बीसीसीआई के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने कहा था कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि टूर्नामेंट न्यूट्रल वेन्यू पर होगा।

भारतीय टीम के अगले साल पाकिस्तान जाने को लेकर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि इसका फैसला गृह मंत्रालय करेगा। उन्होंने गुरुवार (20 अक्तूबर) को कहा कि हमारे लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा ज्यादा महत्वपूर्ण है। अगले साल पाकिस्तान में एशिया कप का आयोजन होना है, लेकिन बीसीसीआई के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने कहा था कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी। उन्होंने भी कहा था कि टूर्नामेंट न्यूट्रल वेन्यू पर होगा। इसके बाद विवाद शुरू हो गया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत किसी की सुनने की स्थिति में नहीं है। खेल मंत्री ने कहा कि वनडे विश्व कप भारत में आयोजित किया जाएगा और पाकिस्तान सहित भाग लेने वाले देशों को सौहार्दपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा और टूर्नामेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगा। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने का फैसला गृह मंत्रालय लेगा क्योंकि पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर चिंता है।

खेल मंत्री ने कहा, ''यह बीसीसीआई का मामला है और वे इस पर टिप्पणी करेंगे। भारत एक खेल महाशक्ति है, जहां कई विश्व कप आयोजित किए गए हैं। वनडे विश्व कप भी अगले साल भारत में होगा और दुनिया भर की सभी बड़ी टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। आप किसी भी खेल में भारत की उपेक्षा नहीं कर सकते। भारत ने खेलों, विशेषकर क्रिकेट में बहुत योगदान दिया है, इसलिए अगले साल विश्व कप का आयोजन किया जाएगा और यह एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होगा।

2008 में आखिरी बार पाकिस्तान गई थी टीम इंडिया

भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2008 में आखिरी बार पाकिस्तान का दौरा किया था। 2008 एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान ने की थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच संबंध बिगड़ते चले गए और भारत कभी पाकिस्तान के दौरे पर नहीं गया। 2013 में आखिरी बार पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनैतिक संबंध और खराब हो गए और यह दोनों देशों के बीच आखिरी सीरीज साबित हुई।

भारतीय टीम अभी ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप के लिए है। वहां उसे पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ ही 23 अक्तूबर को खेलना है। भारतीय टीम रविवार को होने वाले मुकाबले में पाकिस्तान से बदला लेने उतरेगी। पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम ने भारत को 10 विकेट से हराया था। टीम इंडिया पहली बार किसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हारी थी। टीम उस हार का बदला लेने के लिए मेलबर्न में उतरेगी।

Rounak Dey

Rounak Dey

    Next Story