खेल

हॉकी स्टार वंदना कटारिया बनीं प्रदेश की ब्रांड एंबेसडर, खेल मंत्री ने किया एलान

Kunti Dhruw
8 Aug 2021 12:22 PM GMT
हॉकी स्टार वंदना कटारिया बनीं प्रदेश की ब्रांड एंबेसडर, खेल मंत्री ने किया एलान
x
टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान' की उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान' की उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। रविवार को खेल मंत्री डॉ. अरविंद पांडे ने वंदना कटारिया के घर पहुंच कर यह घोषणा की। हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया के घर पहुंचे उत्तराखंड के खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने समूचे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने वंदना की मां और भाई को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि वंदना पर नाज करना चाहिए। जिन्होंने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर समूचे विश्व में भारत का डंका बजाया है। उत्तराखंड सरकार की ओर से वंदना का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्हें प्रदेश लौटने पर सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। अरविंद पांडे ने कहा कि वंदना के घर तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाएगी। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, भाजपा नेता मास्टर सत्यपाल व राजकुमार कसाना आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रपति और पीएम से मिलेंगी वंदना
ओलंपिक टोक्यो में हॉकी में इतिहास रचने वाली हरिद्वार की बेटी वंदना कटारिया स्वदेश लौटने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में भी वह भारतीय दल के साथ हिस्सा लेंगी।
आज रविवार को प्रदेश के खेल एवं शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने भी वंदना कटारिया के घर पहुंचकर उनकी मां और परिजनों को सम्मानित किया।
रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम में खेलते हुए हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि ओलंपिक खेलों के समापन के बाद वह भारत लौटेंगी। दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री से भारतीय ओलंपिक दल के साथ वह मुलाकात करेंगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में वह मौजूद रहेंगी।
Next Story