खेल

एडिलेड में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी हरमनप्रीत ब्रिगेड

Teja
25 Nov 2022 10:31 PM IST
एडिलेड में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी हरमनप्रीत ब्रिगेड
x
कप्तान हरमनप्रीति सिंह के नेतृत्व में भारतीय टीम शनिवार से एडिलेड में शुरू होने वाली पांच मैचों की हाकी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने के लिये जब मैदान पर उतरेगी तो उसका इरादा दुनिया की नंबर एक टीम के खिलाफ जीत दर्ज कर विश्वकप से पहले मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने का होगा।
एफआईएच ओडिशा हॉकी मेन्स वर्ल्ड कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला के ठीक पहले होने वाली इस सीरीज के जरिये भारतीय टीम दिग्गज आस्ट्रेलिया को उसके घर में कड़ी चुनौती पेश करने के लिये कमर कस चुके हैं। कप्तान हरमनप्रीत ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विश्वकप से पहले भारत को अपनी तैयारियों को परखने का यह खास अवसर होगा और टीम जीत दर्ज करने के इरादे से ही मैदान पर कदम रखेगी।
दोनों टीमें वर्ष 2020 के बाद से दो बार मैदान में आमने सामने आ चुकी है। टोक्यो ओलंपिक खेलों में भारत ने ऐतिहासिक कांस्य पदक और ऑस्ट्रेलिया ने रजत पदक जीता था जबकि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल के खिताबी मुकाबले में कंगारू टीम ने भारत को हरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
मैच की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, " विश्व कप की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। इस श्रृंखला के बारे में अच्छी बात यह है कि दोनों टीमों को अलग-अलग तकनीक के बारे में सीखने को मिलेगा।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रत्येक मैच घर में होने वाली विश्व कप जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिता की तैयारी में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होने कहा " यह श्रृंखला हमारे लिए वास्तव में महत्वपूर्ण है। जब आप विश्व कप जैसे मेगा इवेंट की तैयारी कर रहे होते हैं, तो लीड अप में सर्वश्रेष्ठ के खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा होता है। एडिलेड में खेलने को लेकर टीम में विशेष उत्साह है। इतने वर्षों के अंतराल के बाद ऑस्ट्रेलिया में होना बहुत अच्छा है।
कोविड के कारण हम यहां यात्रा नहीं कर सके। भारतीय हाकी के यहां प्रशंसक है जिनकी मौजूदगी निश्चित रूप से टीम में ऊर्जा का संचार करेगी। हम हमेशा उनके सामने खेलना पसंद करते हैं। मैं यहां अच्छे मैचों की प्रतीक्षा कर रहा हूं।"
ऑस्ट्रेलियाई मुख्य कोच कॉलिन बैच ने कहा " यह श्रृंखला हमारे लिए जनवरी में विश्व कप तक आने के लिए वास्तव में महत्वपूर्ण है। यह बहुत अच्छा है कि भारत यहाँ है। हम उनके खिलाफ खेलना पसंद करते हैं और यह हमारे लिए बड़ी प्रतियोगिता होगी। भारत वास्तव में एक मजबूत टीम है और विश्व कप से पहले हम केवल यही मैच खेलेंगे, इसलिए हम भारत की क्षमता वाली टीम के खिलाफ खेलने के लिए खुश हैं। "




Next Story