खेल

हार्दिक पांड्या को आईपीएल 2026 में दोहराना होगा टी20 वर्ल्ड कप वाला प्रदर्शन: हरभजन

SHIDDHANT
16 March 2026 10:16 PM IST
हार्दिक पांड्या को आईपीएल 2026 में दोहराना होगा टी20 वर्ल्ड कप वाला प्रदर्शन: हरभजन
x
Delhi दिल्ली। भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या से आग्रह किया है कि वह टी20 विश्व कप 2026 वाले शानदार प्रदर्शन को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी दोहराएं। हरभजन ने कहा कि हार्दिक अगर दमदार प्रदर्शन करने में सफल रहे, तो मुंबई इंडियंस के लिए कई वर्षों से जारी ट्रॉफी का इंतजार खत्म हो सकता है। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज 29 मार्च को तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। मुंबई ने पिछले सीजन दूसरे क्वालीफायर तक का सफर तय किया था, जहां उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
हरभजन ने 'जियोस्टार' से कहा, "मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या को अपना असली हार्दिक पांड्या वाला रूप दिखाना होगा। उन्हें अपना बेस्ट गेम खेलना होगा। हार्दिक जब बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होंगे, तो इसका काफी फर्क पड़ेगा। हमने हार्दिक को टी20 विश्व कप में गेंदबाजी करते देखा था। गेंद के साथ भी वह शानदार फॉर्म में थे। आईपीएल में भी उन्हें ठीक वैसा ही करना होगा। जब कोई कप्तान आगे बढ़कर नेतृत्व करता है और रास्ता दिखाता है, तो हर कोई उसको फॉलो करता है। अगर
हार्दिक
और उनकी टीम पहले दिन से ही यह विश्वास कर लें कि वह यहां सिर्फ मुकाबला करने के लिए नहीं, बल्कि छठी बार ट्रॉफी उठाने के लिए आए हैं, तो मुंबई इंडियंस के लिए चीजें बहुत तेजी से बदल सकती हैं।"
हरभजन ने मुंबई इंडियंस के टॉप बैटिंग ऑर्डर के चयन को लेकर दुविधा पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट के लिए साउथ अफ्रीका के दोनों विकेटकीपर-बल्लेबाज—रयान रिकेल्टन और क्विंटन डी कॉक को प्लेइंग इलेवन में खिलाना मुश्किल होगा, क्योंकि टीम में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी मौजूद हैं। भज्जी ने कहा कि रोहित शर्मा मुख्य सलामी बल्लेबाज होंगे और दूसरे छोर पर उनका साथ देने के लिए या तो रयान रिकेल्टन होंगे या फिर क्विंटन डी कॉक। हरभजन के अनुसार, सूर्यकुमार यादव नंबर तीन और तिलक वर्मा चार पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
Next Story