खेल

आईपीएल की दो सबसे सफल टीम और उनके कैप्टन के सामने होंगे हार्दिक और क्रुणाल

suraj
22 May 2023 12:37 PM GMT
आईपीएल की दो सबसे सफल टीम और उनके कैप्टन के सामने होंगे हार्दिक और क्रुणाल
x

क्रिकेट न्यूज़:आईपीएल का लीग राउंड समाप्त हो चुका है। 70 मैचों के बाद इस बात का खुलासा हुआ कि प्लेऑफ में कौन-सी चार टीमें होंगी। गुजरात टाइटंस ने रविवार (21 मई) को लीग राउंड के आखिरी मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को हरा दिया। आरसीबी की हार के बाद मुंबई इंडियंस को जगह मिल गई। उससे पहले गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपरकिंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीमें पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी थीं।

गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रही। चेन्नई दूसरे, लखनऊ तीसरे और मुंबई चौथे पायदान पर रही। इस तरह क्वालिफायर-1 में गुजरात का मुकाबला चेन्नई से होगा। वहीं, एलिमिनेटर में लखनऊ के सामने मुंबई की चुनौती होगी। गुजरात पिछली बार राजस्थान रॉयल्स को हराकर चैंपियन बनी थी। मुंबई पांच और चेन्नई चार बार चैंपियन बन चुकी है। लखनऊ की टीम पिछली बार एलिमिनेटर में हार गई थी।

पहली बार दो भाई कप्तान

चेन्नई की कप्तानी दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी के पास है। वहीं, मुंबई की कमान अनुभवी रोहित शर्मा के हाथों में है। बाकी बची दो टीमों की कमान दो भाईयों के हाथों में है। गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या और लखनऊ के क्रुणाल पांड्या हैं। क्रुणाल को केएल राहुल के चोटिल होने पर टीम का कार्यवाहक कप्तान बनाया गया था। उन्होंने टीम को लीग राउंड के आखिरी दौर में जीत दिलाई और प्लेऑफ में पहुंचा दिया। आईपीएल इतिहास में पहली बार दो भाई एक ही सीजन में कप्तान हैं।

गुरु धोनी को हराने उतरेंगे हार्दिक

सबसे पहले बात हार्दिक की करते हैं। वह धोनी को अपना मेंटर मानते हैं। उन्होंने कई बार कहा कि वह कप्तानी के गुर धोनी से सीखते हैं और उन्हीं को फॉलो करते हैं। हार्दिक प्लेऑफ में पहली बार चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ कप्तानी करेंगे। पिछली बार उन्होंने दो मुकाबलों राजस्थान का सामना किया था और दोनों जीता था। अपने गुरु के सामने हार्दिक एक बार फिर खुद को साबित करने उतरेंगे।

रोहित के खिलाफ उतरेंगे क्रुणाल

क्रुणाल पांड्या ने लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के लिए खेला है। तब रोहित शर्मा ही उनके कप्तान थे। उन्होंने हिटमैन से काफी कुछ सीखा है। क्रुणाल ने कई बार कहा कि मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा के कारण ही वह आज यह मुकाम हासिल कर पाए हैं। उन्हें एक साधारण क्रिकेटर से बेहतर खिलाड़ी बनाने में रोहित का बड़ा हाथ है। क्रुणाल जब प्लेऑफ मुंबई के खिलाफ कप्तानी करेंगे तो यह उनके लिए भावुक पल होगा। अब देखना है कि वह इस मौके पर किस तरह का प्रदर्शन कर पाते हैं।

चेन्नई के खिलाफ गुजरात का रिकॉर्ड

गुजरात टाइटंस ने पिछले साल आईपीएल में अपने सफर की शुरुआत की थी। तब से चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ वह तीन बार मैदान पर उतरी है। हर बार चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा है। इस सीजन के पहले ही मैच में चेन्नई और गुजरात की टीमें आमने-सामने हुई थीं। तब हार्दिक ने बाजी मारी थी। हालांकि, गुजरात के लिए इस बार जीतना आसान नहीं होगा। वह पहली बार चेन्नई में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेलेगी। चेपॉक स्टेडियम में धोनी की टीम का सामना करना मुश्किल है। दूसरी ओर, चेन्नई सुपरकिंग्स बदला लेने उतरेगी।

मुंबई से नहीं हारी लखनऊ की टीम

मुंबई और लखनऊ के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो यहां भी चेन्नई और गुजरात वाली परिस्थिति है। लखनऊ के खिलाफ अब तक एक मैच में भी मुंबई को जीत नहीं मिली है। पिछले सीजन में लखनऊ ने मुंबई से दोनों मैच जीते थे। वहीं, इस सीजन में दोनों के बीच एक मुकाबला खेला गया। उसमें लखनऊ ने बाजी मारी थी। मुंबई लगातार तीन हार का बदला लेने उतरेगी।

Next Story