खेल

HAPPY Birthday: महेंद्र सिंह धौनी के इस शॉट ने सौरव गांगुली का बनाया था फैन, बोले- जिंदगी भर याद रहेगा

Subhi
7 July 2021 5:03 AM GMT
HAPPY Birthday: महेंद्र सिंह धौनी के इस शॉट ने सौरव गांगुली का बनाया था फैन, बोले- जिंदगी भर याद रहेगा
x
भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी 7 जुलाई को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी 7 जुलाई को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। रांची के राजकुमार ने टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए ऐसी उपलब्धियां हासिल की जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। आइसीसी के तीन बड़े खिताब को धौनी ने अपनी शानदार कप्तानी से भारत को दिलाया। वैसे तो यह सभी एक से बढ़कर एक यादगार जीत रही लेकिन साल 2011 में वनडे वर्ल्ड की जीत पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के लिए खास है।

कुछ दिन पहले दादा ने एक कार्यक्रम के दौरान इस जीत को याद किया था। उन्होंने बताया कि कैसे भारतीय टीम को 2011 में मिली जीत उनके लिए सबसे ज्यादा खास है। गांगुली इसे भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ा दिन मानते हैं। यही नहीं श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में धौनी का लगाया गया विजयी छक्का वह भारतीय क्रिकेट इतिहास का सबसे यादगार शॉट मानते हैं।


गांगुली ने धौनी के 2011 विश्व कप फाइनल में लगाए गए विजयी छक्के को याद करते हुए इसे शानदार बताया। पूर्व कप्तान बोले, "मेरे लिए तो साल 2011 में जब भारतीय टीम ने विश्व कप को जीता वो सबसे बड़ा दिन था। महान एमएस धौनी और उनका वह शॉट जो आखिरी गेंद पर लगाया गया छक्का कमाल था। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा ही यादगार बनकर रहेगा। वो पल क्या शानदार था।"

आगे उन्होंने कहा, "मुझे याद है मैं वानखेड़े में उस रात को मौजूद था और धौनी को देखने के लिए कमेंट्री बॉक्स से बाहर निकलकर आ गया था। कैसे टीम पूरे मैदान के चारो तरफ घूम रही थी। साल 2003 में जिस टीम की कप्तानी मैं कर रहा था उसे फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। मैं इस चीज को लेकर बहुत ज्यादा खुश था कि धौनी को यह ट्रॉफी उठाने का मौका मिला।"



Next Story