खेल

अगर हम टॉस जीतते तो कहानी कुछ और हो सकती थी: Salman Agha

SHIDDHANT
28 Feb 2026 11:29 PM IST
अगर हम टॉस जीतते तो कहानी कुछ और हो सकती थी: Salman Agha
x
Pallekele पल्लेकेले। पाकिस्तान ने शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के विरुद्ध भले ही 5 रन से जीत दर्ज की, लेकिन यह टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। खिताबी रेस से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने टॉस और ओस को बड़ा फैक्टर बताया है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। मेहमान टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 या उससे कम रनों पर रोकना था, लेकिन ऐसा न हो सका। श्रीलंका ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 207 रन बना लिए।
खिताबी रेस से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने कहा, "टॉस हारने के बाद मैच हमेशा चुनौतीपूर्ण हो गया था, क्योंकि ओस एक बड़ा फैक्टर थी। अगर हम टॉस जीतते तो कहानी कुछ और हो सकती थी। ओस ने काफी असर डाला। हम अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए। उस्मान का आज अच्छा दिन नहीं था, ऐसा हो सकता है। पूरे टूर्नामेंट में हम अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके। अगर फरहान को थोड़ा और सहयोग मिला होता तो हालात बेहतर हो सकते थे।"
इस निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को 15.5 ओवरों में पहला झटका लगा, जिसके बाद 8 विकेट खोकर सिर्फ 212 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (100) और फखर जमान (84) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। शेष बल्लेबाज फ्लॉप रहे।
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, "मिडिल ऑर्डर पिछले कुछ वर्षों से हमारे लिए समस्या बना हुआ है, हमें इस पर जरूर काम करना होगा। हम मैच को उस तरह खत्म नहीं कर पाए, जैसा हम चाहते थे। हमने 18 ओवर तक अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन बाकी दो ओवरों में विपक्षी टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी की। 160 रन का स्कोर भी शायद डिफेंड करना मुश्किल होता।"
दूसरी ओर, मैच गंवाने के बाद श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने कहा, "यह एक करीबी मुकाबला था, हम इसे जीत के साथ खत्म कर सकते थे। शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी की। कप्तान के तौर पर यह दौर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। हां, हम निराश हैं और मैं अपने प्रशंसकों से माफी मांगना चाहता हूं। दुर्भाग्य से, हमें चोटों का सामना करना पड़ा। भविष्य में उम्मीद है कि ऐसी चोटें न हों। हमारे दो प्रमुख गेंदबाज वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना उपलब्ध नहीं थे। उम्मीद है कि वे जल्द लौटेंगे और श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
उन्होंने कहा, "कभी-कभी खिलाड़ियों के रूप में हम दबाव महसूस करते हैं। यह एक गलती थी और मैं प्रशंसकों को निराश करने के लिए माफी चाहता हूं। हम सभी को मिले समर्थन के लिए बेहद आभारी हैं। रत्नायके काफी निरंतर रहे हैं और क्रीज का अच्छा उपयोग करते हैं। हमारे पास दुनिथ वेल्लालागे जैसे युवा खिलाड़ी भी हैं, जो लगातार आगे बढ़ रहे हैं।"
Next Story