खेल

गुवाहाटी टेस्ट: अंतिम सेशन में टीम इंडिया की वापसी, पहले दिन साउथ अफ्रीका ने गंवाए 6 विकेट

jantaserishta.com
22 Nov 2025 4:43 PM IST
गुवाहाटी टेस्ट: अंतिम सेशन में टीम इंडिया की वापसी, पहले दिन साउथ अफ्रीका ने गंवाए 6 विकेट
x
गुवाहाटी: साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच में शानदार शुरुआत के बाद पहले दिन के अंत तक 6 विकेट गंवा दिए हैं। मेहमान टीम ने 81.5 ओवरों के खेल तक 247 रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने बल्लेबाजी का फैसला लिया। सलामी जोड़ी के रूप में एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। इन दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। पहले सेशन की अंतिम गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने मार्करम को बोल्ड किया। मार्करम 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दूसरे सेशन की तीसरी गेंद पर रिकेल्टन (35) भी पवेलियन लौट गए।
यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान बावुमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। बावुमा 92 गेंदों मे 41 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 5 चौके शामिल रहे, जबकि स्टब्स ने 4 चौकों के साथ 49 रन की पारी खेली।
साउथ अफ्रीकी टीम 201 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से टोनी डी जोरजी ने सेनुरन मुथुसामी के साथ छठे विकेट के लिए 45 रन जुटाते हुए टीम को 250 के पास पहुंचाया। पहले दिन की समाप्ति तक भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट निकाले हैं।
शुभमन गिल गर्दन में चोट की वजह से इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर ऋषभ पंत को टीम की कमान सौंपी गई है। पंत भारत के 38वें टेस्ट कप्तान हैं। वह महेंद्र सिंह धोनी के बाद ऐसे दूसरे विकेटकीपर हैं, जिन्होंने भारत की टेस्ट कमान संभाली है।
इस मुकाबले में टीम इंडिया दो बदलावों के साथ उतरी है। शुभमन गिल और अक्षर पटेल के स्थान पर साईं सुदर्शन और नीतीश रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में स्थान मिला है। वहीं, साउथ अफ्रीका ने कॉर्बिन बॉश के स्थान पर सेनुरन मुथुसामी को टीम में स्थान दिया है। भारतीय टीम कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 30 रन से गंवा बैठी थी। ऐसे में भारतीय टीम यह मैच जीतकर सीरीज 1-1 ड्रॉ करवाना चाहेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story