खेल

'आजाद कश्मीर' जैसे विवादित बोल के बाद पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर ने दी सफाई

jantaserishta.com
3 Oct 2025 11:00 AM IST
आजाद कश्मीर जैसे विवादित बोल के बाद पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर ने दी सफाई
x
नई दिल्ली: पुरुषों के एशिया कप के बाद अब महिलाओं के वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तानी खिलाड़ी विवादों में हैं। पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर को अपने मुल्क की महिला खिलाड़ी के लिए 'आजाद कश्मीर' टिप्पणी पर भारी विवाद के बाद सफाई देनी पड़ी है।
विवादों में घिरने के बाद सना मीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कैसे चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और खेलों से जुड़े लोगों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है। यह दुखद है कि इसके लिए सार्वजनिक स्तर पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा, "एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के गृहनगर के बारे में मेरी टिप्पणी का उद्देश्य सिर्फ यह बताना था कि पाकिस्तान के एक खास क्षेत्र से आने के कारण उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और उनका अविश्वसनीय सफर कैसा रहा। यह उस कहानी का हिस्सा है, जो हम कमेंटेटर के तौर पर बताते हैं कि खिलाड़ी कहां से आते हैं।"
पूर्व कप्तान ने कहा, "मैंने गुरुवार को दूसरे क्षेत्रों से आने वाले दो अन्य खिलाड़ियों के लिए भी ऐसा ही किया। इसका राजनीतिकरण न करें। वर्ल्ड फीड पर एक कमेंटेटर के तौर पर, हमारा काम खेल, टीमों और खिलाड़ियों पर फोकस करना है। उनके साहस और दृढ़ता की प्रेरक कहानियों को उजागर करना है। मेरे दिल में कोई दुर्भावना नहीं है या भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।"
दरअसल, गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के दौरान जब 29वें ओवर में नतालिया परवेज बल्लेबाजी के लिए आई, तो कमेंट्री पैनल में मौजूद सना मीर ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में पैदा हुईं नतालिया के लिए कहा कि यह बल्लेबाज 'कश्मीर' से हैं। इसके तुरंत बाद उन्होंने इसे 'आजाद कश्मीर' कहा।
सना मीर ने कहा, "नतालिया, जो कश्मीर... आजाद कश्मीर से आती हैं, लाहौर में बहुत क्रिकेट खेलती हैं। उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए ज्यादातर लाहौर आना पड़ता है।'' सना मीर की यह गलती फैंस ने पकड़ ली। इसका क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। फैंस ने इस मामले में आईसीसी से कार्रवाई करने की अपील करते हुए सना मीर को तुरंत कमेंट्री पैनल से हटाने तक की मांग तक कर दी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story