खेल

आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल बोले- उमरान की गति को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा

Subhi
9 May 2022 5:54 AM GMT
आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल बोले- उमरान की गति को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा
x
इंडियन प्रीमियर लीग में युवा सनसनी बनकर उभरे तेज गेंदबाज उमरान मलिक की प्रतिभा ने दुनियाभर के दिग्गजों को प्रभावित किया है।

इंडियन प्रीमियर लीग में युवा सनसनी बनकर उभरे तेज गेंदबाज उमरान मलिक की प्रतिभा ने दुनियाभर के दिग्गजों को प्रभावित किया है। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल का मानना है कि भारत के क्रिकेट प्रतिष्ठान ने वषरें से विश्वस्तरीय गेंदबाजों को तैयार करने में धैर्य दिखाया है, लेकिन निकट भविष्य में उमरान मलिक की वास्तविक गति को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा।

चैपल ने लिखा, 'भारत में तेज गेंदबाजी में आई क्रांति में कमी का कोई संकेत नहीं दिख रहा है। आइपीएल देखने वालों के दिल और दिमाग में उमरान मलिक का नाम है। अतीत में भारत ने अपने तेज गेंदबाजी समूह को विकसित करने में धैर्य दिखाया, लेकिन मलिक की वास्तविक गति को देखते हुए नजरअंदाज करना मुश्किल है। ऐसी दुनिया में जहां तेज गेंदबाजी की कद्र की जाती है, वहां भारत से अब कई सितारे निकल कर आ रहे है। आइपीएल ने वास्तव में भारत को विश्व क्रिकेट में एक प्रमुख ताकत में बदलने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई।'

इस सीजन में उमरान ने अब तक कुल 11 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 15 विकेट हैं। 5 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उमरान ने इस सीजन की सबसे तेज गेंद डाली। उन्होंने 157 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद डालकर तमाम दिग्गजों को एक बार फिर से चौंकाया।

चैपल ने कहा, 'भारत वर्तमान में एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीम है और अगर वे इसके लिए जरूरी जज्बा दिखाना जारी रखेंगे तो यह एक अग्रणी टीम बनी रहेगी। भारत को इस सफलता के लिए अत्यधिक सफल आइपीएल को धन्यवाद देना चाहिए।'

उन्होंने कहा, 'जसप्रीत बुमराह, मुहम्मद शमी और मुहम्मद सिराज जैसे स्टार तेज गेंदबाजों के विकास ने विदेशों में भारत की साख बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। इस समूह में गहराई है। टीम के पास इशांत शर्मा, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर जैसे विकल्प भी है।'


Next Story