खेल

FIH Nations Cup : भारत ने नेशन्स कप में लगातार दर्ज की दूसरी जीत

Rani Sahu
13 Dec 2022 11:17 AM GMT
FIH Nations Cup : भारत ने नेशन्स कप में लगातार दर्ज की दूसरी जीत
x
वैलेंसिया, भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशन्स कप 2022 (FIH Women's Nations Cup 2022) में जापान को 2-1 से हराकर अपना विजय अभियान जारी रखा है। भारत ने सोमवार के मुकाबले में सलीमा टेटे (5वां मिनट) और ब्यूटी डुंगडुंग (40वां मिनट) के गोलों से जीत दर्ज की। जापान का एकमात्र गोल रुई ताकाशीमा ने 49वें मिनट में किया। भारत ने पहले मैच की तरह यहां भी आक्रामक शुरुआत की। नवजोत कौर ने पांचवें मिनट में सलीमा को पास दिया, जबकि सलीमा ने जापान के सर्किल में शानदार फुटवर्क का प्रदर्शन करते हुए गेंद को नेट में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
जापान ने पहले क्वार्टर के समाप्त होने से पूर्व एक पेनल्टी कॉर्नर (penalty corner) अर्जित किया, लेकिन भारतीय रक्षण ने उन्हें स्कोर बराबर करने का मौका नहीं दिया। भारत ने दूसरे क्वार्टर में जापान पर हावी होते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर (penalty corner) बनाये लेकिन उन पर स्कोर नहीं कर सके। गोलरहित दूसरे क्वार्टर के बाद भारत को तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, हालांकि इस बार भी गुरजीत कौर की ड्रैगफ्लिक क्रॉसबार के ऊपर से निकल गयी।
भारत के लिये पदार्पण कर रही ब्यूटी ने 40वें मिनट में टीम को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने पिच के बीच से दर्शनीय टैकल किया और जापान के रक्षण को भेदते हुए भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। आखिरी क्वार्टर में ताकाशीमा के गोल के बाद जापान ने एक पेनल्टी भी अर्जित की लेकिन भारतीय रक्षण ने स्कोर को 2-1 से आगे नहीं बढ़ने दिया। भारत ने अपने पहले मैच में चीली को 3-1 से मात दी थी। भारत अब इस जीत के साथ ग्रुप-बी में पहले स्थान पर आ गया है, जबकि ग्रुप-ए में मेजबान स्पेन लगातार दो मुकाबले जीतकर शीर्ष पर है। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को दक्षिण अफ्रीका (South Africa) से होगा।
Source : Uni India
{जनता से रिश्ता इस खबर की पुष्टि नहीं करता है ये खबर जनसरोकार के माध्यम से मिली है और ये खबर सोशल मीडिया में वायरलहो रही थी जिसके चलते इस खबर को प्रकाशित की जा रही है। इस पर जनता से रिश्ता खबर की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।}
Next Story