
स्पोर्ट: फुटबॉल के प्रति अपनी दीवानगी के लिए मशहूर केरल में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले को देखने के लिए केरल सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए सोमवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
केरल सरकार के इस फैसले के बाद आम शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पेशेवर शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। सरकार ने यह निर्णय फुटबॉल प्रशंसकों और छात्रों की मांग को देखते हुए लिया है, ताकि वे दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मुकाबले का आनंद बिना किसी परेशानी के उठा सकें।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत में देर रात खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 12:30 बजे शुरू होगा और इसके देर रात तक चलने की संभावना है। ऐसे में छात्रों को अगले दिन सुबह जल्दी कक्षाओं में पहुंचने में परेशानी हो सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने छुट्टी का फैसला लिया।
केरल में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। राज्य के शहरों से लेकर गांवों तक फुटबॉल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। फीफा वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के दौरान यहां का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की जाती है और प्रशंसक अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन में जश्न मनाते नजर आते हैं।
फीफा वर्ल्ड कप के दौरान केरल में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल सितारों के बड़े पोस्टर, कटआउट और टीमों के झंडे सड़कों और मैदानों पर दिखाई देते हैं। खासकर अर्जेंटीना और स्पेन जैसी टीमों के लिए राज्य में बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद हैं। यही कारण है कि फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और राज्य सरकार के मंत्रियों को सोशल मीडिया पर कई फुटबॉल प्रशंसकों ने मैच देखने के लिए छुट्टी की मांग की थी। इसके बाद सरकार ने छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया।
केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम जॉन ने घोषणा करते हुए कहा कि पेशेवर कॉलेज और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में सोमवार को अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि सरकार चाहती है कि छात्र फुटबॉल के इस ऐतिहासिक मुकाबले को आसानी से देख सकें।
वहीं, आम शिक्षा मंत्री एन शम्सुद्दीन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए छुट्टी की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए लिखा, “बच्चों अब खुश हो ना?” उन्होंने कहा कि सरकार ने फुटबॉल प्रेमी छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया है।
फाइनल मुकाबले को लेकर केरल में कई स्थानों पर विशेष स्क्रीनिंग की तैयारी की गई है। पब, होटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मैच दिखाने के इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में प्रशंसक एक साथ बैठकर इस मुकाबले का आनंद लेने की तैयारी कर रहे हैं।
फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि केरल में फुटबॉल की लोकप्रियता देश के अन्य राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। यहां युवा वर्ग से लेकर बुजुर्गों तक में इस खेल को लेकर खास जुनून देखने को मिलता है। राज्य के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल केवल एक खेल मुकाबला नहीं बल्कि फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ा उत्सव बन गया है। केरल सरकार का यह फैसला भी राज्य में फुटबॉल के प्रति लोगों के जुनून को दर्शाता है। अब सभी की नजरें स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले रोमांचक फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं।





