महेंद्र सिंह धोनी से फैंस परेशान, नया लुक प्रसारण करने वाले चैनल को सुना दी खरी-खोटी
![महेंद्र सिंह धोनी से फैंस परेशान, नया लुक प्रसारण करने वाले चैनल को सुना दी खरी-खोटी महेंद्र सिंह धोनी से फैंस परेशान, नया लुक प्रसारण करने वाले चैनल को सुना दी खरी-खोटी](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/08/19/1252396-cm.webp)
नई दिल्ली। एमएस धोनी (MS Dhoni) जल्द ही एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर नजर आने वाले हैं. यूएई में आईपीएल 2021 (IPL 2021) के बचे हुए मुकाबले 19 सितंबर से शुरू होने वाले हैं. हालांकि इससे पहले ही धोनी चर्चाओं में हैं. धोनी की चर्चा उनके नए हेयरस्टाइल्स को लेकर हो रही है. धोनी ने हाल ही में एक ऐड शूट के लिए अपना नया हेयरस्टाइल कराया था जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैली थी. अब एक बार फिर धोनी का नया हेयरस्टाइल वायरल (MS Dhoni New Look) हुआ है लेकिन इस बार फैंस ज्यादा खुश नहीं हैं.
एमएस धोनी की एक तस्वीर आईपीएल 2021 (IPL 2021) के प्रसारणकर्ता चैनल स्टार स्पोर्ट्स ने पोस्ट की है. इस फोटो में धोनी के बाल रंग-बिरंगे हैं और उन्होंने सितारों से जड़ी जैकेट पहनी हुई है. धोनी किसी रॉकस्टार के लुक में नजर आ रहे हैं. दरअसल ये एक ऐड की तस्वीर है जिसमें लिखा हुआ है-असली पिक्चर अभी बाकी है. धोनी का ये लुक उनके फैंस को पसंद नहीं आया. कई फैंस ने प्रसारण करने वाले चैनल को ही खरी-खरी सुना दी.
वहीं कुछ फैंस ने धोनी को बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह से दूर रहने की सलाह दे डाली. बता दें हाल ही में धोनी ने मुंबई में एक फुटबॉल मैच खेला था जिसमें रणवीर सिंह ने भी शिरकत की थी. धोनी ने मुंबई में ऐड शूट किया था और वो टीम इंडिया की नई रेट्रो जर्सी में नजर आए थे. वैसे धोनी ने रंग-बिरंगे बालों वाला लुक आईपीएल 2021 के नए ऐड के लिए कराए हैं. इससे पहले वो इस टूर्नामेंट के लिए गंजे भी नजर आ चुके हैं. धोनी एक संन्यासी के लुक में थे जिसमें वो दूसरी टीमों के खिलाड़ियों के बारे में बता रहे थे. उस ऐड को फैंस ने काफी पसंद किया था. बता दें चेन्नई सुपरकिंग्स ने दुबई में अभ्यास शुरू कर दिया है. वो यूएई पहुंचने वाली सबसे पहली टीम थी और इसीलिए उसके खिलाड़ियों ने क्वारंटीन पीरियड सबसे पहले खत्म किया और अब वो अभ्यास में भी जुट गई है. चेन्नई के बाद मुंबई इंडियंस शुक्रवार से अभ्यास शुरू करने वाली है. आईपीएल 2021 का 30वां मुकाबला 19 सितंबर को चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच ही होने वाला है.