खेल
आईपीएल 2026 की तैयारी में जुटे धोनी, जेएससीए ने शेयर किया वीडियो
jantaserishta.com
24 Jan 2026 5:19 PM IST

x
रांची: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत मार्च से होगी, जिससे पहले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आगामी सीजन के लिए तैयारी शुरू कर दी है। 44 वर्षीय धोनी 17वीं बार चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें माही पैड पहनकर नेट्स में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। धोनी को नेट्स के लिए तैयार होते समय जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी से बात करते हुए देखा जा सकता है।
जेएससीए ने धोनी को अपना गौरव बताया और इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "देखो कौन वापस आ गया है। जेएससीए का गौरव: महेंद्र सिंह धोनी।" महेंद्र सिंह धोनी 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इसके बाद से वह सिर्फ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आए हैं। धोनी सीएसके के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी के दौरान टीम को 5 आईपीएल खिताब दिलाए हैं।
पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ 4 जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में सबसे अंतिम पायदान पर रही। धोनी ने बीते सीजन 14 मुकाबलों की 13 पारियों में 24.50 की औसत के साथ 196 रन बनाए थे। इस दौरान एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके।
हालांकि, धोनी अभी भी आईपीएल इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं, जिन्होंने अब तक दो फ्रेंचाइजी के साथ कुल 278 मैच खेले हैं। इस दौरान 242 पारियों में 38.80 की औसत से 5,439 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* है। इस दौरान माही ने 24 अर्धशतक लगाए।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब अपने नाम किया है। क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए धोनी को पद्म भूषण (2018), पद्म श्री (2009) और मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार (2008) से सम्मानित किया जा चुका है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





