खेल

Cricket Update: अफ्रीका सीरीज से पहले बड़ा ऐलान, अनुष्का शर्मा को लेकर चर्चाएं तेज

Admindelhi1
24 March 2026 3:48 PM IST
Cricket Update: अफ्रीका सीरीज से पहले बड़ा ऐलान, अनुष्का शर्मा को लेकर चर्चाएं तेज
x

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने होने वाली पांच मैचों की विमेंस टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान 24 मार्च (मंगलवार) को कर दिया. यह टी20 सीरीज साउथ अफ्रीकी धरती पर 17 अप्रैल से शुरू होकर 27 अप्रैल तक खेली जाएगी।

टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होंगी, जबकि स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगी. बल्लेबाजी विभाग में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, भारती फुलमाली और उमा छेत्री जैसी खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगी।

इस स्क्वॉड की सबसे बड़ी खास बात अनुष्का शर्मा का चयन है, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है. महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स के लिए खेलते हुए अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन किया था. दाएं हाथ की बल्लेबाज अनुष्का ने 7 पारियों में 25.28 की औसत से 177 रन बनाए, साथ ही उनका स्ट्राइक रेट 129.19 रहा।

अनुष्का शर्मा कर पाएंगी डेब्यू?

हालांकि अनुष्का शर्मा की टीम प्लेऑफ में दिल्ली कैपिटल्स से हारकर फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी. लेकिन 22 साल की अनुष्का ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. अनुष्का घरेलू विमेंस क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती हैं. अब अनुष्का साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर सकती हैं।

दीप्ति शर्मा के साथ श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी स्पिन विभाग को मजबूत बनाएंगी. वहीं तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ संभालेंगी. सीरीज के पहले दो मुकाबले 17 और 19 अप्रैल को डरबन में खेले जाएंगे. इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को जोहानिसबर्ग में मैच होंगे, जबकि आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।

भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काश्वी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर) और अनुष्का शर्मा।

Next Story