खेल
ब्रैड हॉग ने किया नाथन लायन को ड्रॉप करने के फैसले का समर्थन, बोले- नए खिलाड़ी को तैयार करने का सही समय
jantaserishta.com
29 Nov 2026 10:12 AM IST

x
पर्थ: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए अनुभवी ऑफ-स्पिनर नाथन लायन को टीम से बाहर रखने के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगले एशेज टूर से पहले उनके उत्तराधिकारी को तैयार करना सही निर्णय है।
39 साल के लायन को 9 दिसंबर से पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में शुरू होने वाली सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम से बाहर कर दिया गया है। यह 15 साल में पहली बार है, जब लायन को ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट सेटअप से बाहर रखा गया है।
हॉग ने 'सेन रेडियो' पर बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अगर आप इसे एक सिलेक्टर के नजरिए से देखें, तो हां, उनका फॉर्म गिर गया है। आप उस अनुभव को वहीं बनाए रखना चाहेंगे। अगर मैं बॉलिंग अटैक बदलने के बारे में सोच रहा होता, तो शायद स्पिन बॉलर के बजाय तेज गेंदबाज ज्यादा होता, लेकिन आपको नाथन लायन का रोल समझना होगा।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि उनका करियर बेहद शानदार रहा है। आज के दौर में टेस्ट क्रिकेट की पिचें हमारे खेलने के समय की तुलना में कहीं ज्यादा बल्लेबाजों के अनुकूल और सपाट हैं। यही वजह है कि मैं उनकी गेंदबाजी की काफी सराहना करता हूं। खास बात यह है कि वह उन परिस्थितियों में भी प्रभावी गेंदबाजी करने में सफल रहे हैं, जहां आम तौर पर टीम किसी स्पिनर से ज्यादा मदद की उम्मीद करती है। वह अपना रोल शानदार ढंग से निभाते हैं। वह हमारे अब तक के सबसे अच्छे स्पिनरों में से एक हैं, इसलिए यह निराशाजनक है कि उन्हें ड्रॉप कर दिया गया, लेकिन आपको आगे बढ़ना होगा।"
ऑस्ट्रेलिया के लिए 123 वनडे, 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले हॉग ने कहा कि अगर लायन के इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया के अगले एशेज कैंपेन में खेलने की उम्मीद नहीं है, तो अब एक युवा स्पिनर को टेस्ट का अनुभव देना बहुत जरूरी है, जो 2027 के पहले हाफ में भारत के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के ठीक बाद होगा।
उन्होंने कहा, "अगर उन्हें लगता है कि नाथन लायन अगली एशेज सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, तो किसी नए खिलाड़ी को तैयार करने का यही सही समय है। आखिर एशेज टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी और सबसे आकर्षक प्रतिद्वंद्विताओं में से एक है, जहां बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने आते हैं।"
हॉग ने आगे कहा, "ऐसे में आप चाहेंगे कि आपके पास मौजूद स्पिनर को पहले से टेस्ट क्रिकेट का पर्याप्त अनुभव हो। कोई भी टीम यह नहीं चाहेगी कि इंग्लैंड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कोई बिल्कुल नया खिलाड़ी सीधे इतने बड़े मंच पर उतरे। इसलिए मुझे लगता है कि टीम मैनेजमेंट ने इस मामले में सही फैसला लिया है।"
TagsBrad Hogg
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





