खेल

बड़ा तोहफा: हॉकी खिलाड़ी निक्की और सलीमा रेलवे में बनेंगी अफसर

HARRY
13 Aug 2021 1:05 PM GMT
बड़ा तोहफा: हॉकी खिलाड़ी निक्की और सलीमा रेलवे में बनेंगी अफसर
x

टोक्यो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी निक्की प्रधान एवं सलीमा टेटे रेलवे में अफसर बनेंगी। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में दोनों को बेहतर जगह में नियुक्त करने की योजना बनी है। बुधवार को सीपीआरओ नीरज कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया दोनों महिला हॉकी खिलाड़ियों को राजपत्रित कर्मचारियों का दर्जा मिलेगा। अभी दोनों हॉकी खिलाड़ी जोन के रांची रेल मंडल में कार्यरत है। रेलवे की योजना के अनुसार सलीमा टेटे असिस्टेंट कॉमर्शियल मैनेजर स्पोर्ट्स के पद पर नियुक्त की जाएंगी, जो अभी वाणिज्य विभाग में टिकट एग्जामिनर के पद पर कार्यरत हैं।

निक्की प्रधान को ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी स्पोर्ट्स के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वे अभी ट्रेन परिचालन विभाग रांची में चीफ यार्ड मास्टर के पद पर काम कर रही हैं। हालांकि, भारतीय महिला हॉकी टीम पदक से चूक गई, लेकिन रेलवे से ओलंपिक में भाग लेने गई दोनों खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था। इससे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ इनाम दिया है।

दक्षिण-पूर्व जोन खिलाड़ियों को शुरू से रेलवे में नौकरी के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर देता है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी पहले दक्षिण पूर्व जोन के खड़गपुर मंडल में टिकट निरीक्षक पद पर काम कर चुके हैं। टाटानगर समेत जोन के विभिन्न स्टेशनों पर आज भी दर्जनों खिलाड़ी टिकट निरीक्षक, पार्सल क्लर्क एवं अन्य पद पर काम कर रहे हैं। रेलवे में खेल कोटे से सितंबर के बाद फिर से युवाओं की बहाली होगी। हालांकि, मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण फैलने पर किसी की बहाली नहीं हुई। इससे रेलवे बोर्ड ने 2020 व 2021 में खेल कोटे से बहाली की मियाद को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है।

Next Story